आयरलैंड ने ओपनर पाल स्टर्लिंग (95 रन, 47 गेंद, 8 छक्के, 6 चौके) के करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी की मदद से तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज को रोमांचक मुकाबले में चार रन से हरा दिया।
आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 208 रन बनाए। स्टर्लिंग ने केविन ओ ब्रायन (48) के साथ पहले विकेट के लिए 154 रन की साझेदारी की। यह आयरलैंड की इस विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
आयरलैंड ने पावर प्ले में 93 रन जोड़े जो विश्व रिकॉर्ड है। यही नहीं स्टर्लिंग ने इस दौरान 63 रन बनाए वो भी नया विश्व रिकॉर्ड है। इससे पहले कोई भी बल्लेबाज पहले छह ओवर में इतने रन नहीं बना पाया है। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम सत विकेट पर 204 रन ही बना पाई। उसे आखिरी ओवर में 15 रन की जरूरत थी।
हरफनमौला जोश लिटिल ने इस ओवर में ड्वेन ब्रावो समेत दो विकेट लिए। आखिरी गेंद पर पांच रन की जरूरत थी और सात विकेट गिर चुके थे। हेडन वाल्श ने हवाई शॉट खेला लेकिन जीत नहीं दिला सके। इविन लुईस ने 53, हेतमायर ने 28, किरोन पोलार्ड ने 31 और पूरन ने 26 रन का योगदान दिया। आयरलैंड की टी-20 क्रिकेट में वेस्टइंडीज पर दूसरी जीत है।