आयरलैंड ने ओमान को 96 रन से हरा दिया। शनिवार को कोलंबो में खेले गए टी20 विश्व कप के ग्रुप मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 235 रन बनाए। जवाब में ओमान की टीम 18 ओवर में सिर्फ 139 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। मौजूदा टूर्नामेंट में यह आयरलैंड की पहली जीत है। वहीं, ओमान की लागातर तीसरी हार है। ग्रुप बी की अंक तालिका में दोनों टीमें क्रमश: चौथे और पांचवें पायदान पर हैं।
आयरलैंड की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 47 रन तक अपने तीन प्रमुख विकेट गंवा दिए। ओमान के बाएं हाथ के स्पिनर शकील अहमद ने शुरुआती झटके देकर आयरलैंड को दबाव में ला दिया। हालांकि, कप्तान लोरकन टकर ने परिस्थितियों को संभालते हुए आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने 51 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
टकर को गैरेथ डेलानी (56 रन, 28 गेंद) का शानदार साथ मिला। दोनों के बीच 56 गेंदों में 101 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। इसके बाद टकर ने जॉर्ज डॉकरेल (35 रन, 9 गेंद) के साथ मिलकर 19 गेंदों में 70 रन जोड़ दिए।आखिरी चार ओवरों में आयरलैंड ने 86 रन ठोक दिए। डॉकरेल ने अंतिम ओवर में लगातार तीन छक्के जड़कर टीम का स्कोर 20 ओवर में 5 विकेट पर 235 रन तक पहुंचा दिया, जो इस टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा।
ओमान की पारी
236 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की टीम को अच्छी शुरुआत की जरूरत थी। आमिर कलीम (50 रन) और हम्माद मिर्जा (46 रन) ने संघर्ष करते हुए टीम को कुछ उम्मीद दी। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हुई, लेकिन उनके आउट होते ही ओमान की बल्लेबाजी बिखर गई। टीम के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके।
आयरलैंड की ओर से जोश लिटिल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट लिए। मैथ्यू हम्फ्रीज (2/27), बैरी मैकार्थी (2/32) और जॉर्ज डॉकरेल (1/6) ने भी शानदार गेंदबाजी की। ओमान की पूरी टीम 18 ओवर में 139 रन पर ऑलआउट हो गई और इस तरह आयरलैंड ने 96 रन से बड़ी जीत दर्ज की।