क्रिकेटर व बुकी बाबू राव के साथ फिल्म अभिनेताओं और क्रिकेट खिलाड़ियों के कई फोटो के सामने आने से पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है।
पुलिस बाबू राव से पूछताछ कर इन लोगों के साथ उसके संबंध के बारे में जानकारी हासिल करने में जुट गई है।
हालांकि पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अभी तक बाबू राव का चेन्नई सुपर किंग के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ फिक्सिंग को लेकर कोई साक्ष्य सामने नहीं आया है।
पुलिस उसके मकसद के बारे में जानकारी जुटा रही है।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के गिरफ्त में आए क्रिकेटर से बुकी बने बाबू राव से काफी फोटो मिले हैं। इन फोटो में उसे श्रीसंत के अलावा अन्य खिलाड़ियों और फिल्मी कलाकारों के साथ देखा गया है।
खासकर बाबू राव का चेन्नई सुपर किंग के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ मिले फोटो ने पुलिस की जांच का दायरा बढ़ा दिया है। स्पेशल सेल के अधिकारी बाबू राव के पास से मिले फोटो पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
लेकिन उनका यह कहना है कि मिलने वाले सभी सबूतों को जांच के दायरे में लाया जा रहा है और उस पर दिल्ली पुलिस पूरी तफ्तीश कर रही है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक बाबू राव के अलावा अन्य बुकीज के भी खिलाड़ियों के साथ नजदीकियों के फुटेज मिले हैं और उसकी जांच की जा रही है।
बाबू राव के पास से मिले फोटोग्राफ्स में उसे क्रिकेटर धोनी, अभिनेता सोहेल खान और श्रीसंत के साथ देखा गया है। वहीं, अन्य फोटोग्राफ्स में चंदीला को अभिनेता बोमन ईरानी, श्रीसंत के अलावा सिद्धार्थ त्रिवेदी के साथ देखा गया है।
जांच में यह बात सामने आई थी कि बुकीज ने सिद्धार्थ और केविन कूपर से भी मैच फिक्सिंग के लिए संपर्क किया था, लेकिन इन लोगों ने इनकार कर दिया था।
फोटो आने से बुकीज के साथ खिलाड़ियों और अभिनेताओं के गठजोड़ का खुलासा हुआ है और पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है।