दिल्ली डेयरडेविल्स और किंग्स इलेवन पंजाब की टीम को शुक्रवार को आईपीएल-9 में आपसी मुकाबले के दौरान पहली जीत दर्ज करने की कड़ी होड़ देखने को मिलेगी।
दोनों टीमें अपना शुरुआती मुकालबा गंवा बैठी थी। दिल्ली को केकेआर ने और किंग्स इलेवन पंजाब को गुजरात लायंस ने पराजित किया था। डेयरडेविल्स ने टी-20 चैंपियंस लीग के लिए दो बार क्वालीफाई किया है।
इस सीजन में टीम में कई युवा खिलाड़ी शामिल हैं और मेंटर राहुल द्रविड़ और कोच पैडी उपटन के मार्गदर्शन उसकी कोशिश इस बार बेहतर प्रदर्शन करने पर रहेगी। कप्तानी अनुभवी तेज गेंदबाजी जहीर खान को सौंपी गई है।
कोलकाता के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में दिल्ली की टीम 17.4 ओवरों में महज 98 रनों पर सिमट गई थी। उनके केवल 4 बल्लेबाज ही दोहरे अंक में पहुंचे थे। शुक्रवार को कप्तान जहीर को यह सुनिश्चित करना होगा कि टीम बेहतर प्रदर्शन करे।
टीम को वेस्टइंडीज के कार्लोस ब्रेथवेट से काफी उम्मीदें हैं जिन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में अंतिम ओवर में चार गेंदों पर चार छक्के मारकर विंडीज को विश्व चैंपियन बनाया था। केकेआर के खिलाफ वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे थे। इसी तरह ऑलराउंडर पवन नेगी जोकि आईपीएल की नीलामी में 8.5 करोड़ में खरीदे गए वह भी ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए। शीर्ष पांच बल्लेबाजों में क्विंटन डी कॉक (17) और संजू सैमसन (15) ही दोहरे अंक में पहुंचे।
हालांकि हार के बाद कप्तान जहीर ने कहा था कि यह एक खराब दिन की बात है और मुझे उम्मीद है कि हमारी टीम आने वाले मैचों में शानदार प्रदर्शन करेगी। हमारे गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया था। खिलाड़ियों ने मैदान पर काफी ऊर्जा दिखाई।
दूसरी ओर, पिछली बार निचले पायदान पर रही किंग्स इलेवन की टीम के पास दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर के रूप में नया कप्तान है। टीम के अनुभवी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग भी रिटायर हो चुके हैं। पिछले मैच में पंजाब ने 6 विकेट पर 161 का स्कोर बनाया था लेकिन गेंदबाज लक्ष्य का बचाव नहीं कर सके। टीम के पास मुरली विजय, मनन वोहरा, कप्तान डेविड मिलर और ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल हैं। गेंदबाजी में संदीप शर्मा, मिचेल जानसन और मोहित शर्मा की पेस तिकड़ी के अलावा मार्क्स स्टोइनिस, अक्षर पटेल और प्रदीप साहू स्पिन विभाग में जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।