आईपीएल का 15वां सीजन अब धीरे-धीरे अंतिम पड़ाव पर पहुंच रहा है। लीग राउंड के 70 में से 56 मुकाबले हो चुके हैं। अब तक दो टीमों ने प्लेऑफ में अपना स्थान करीब-करीब पक्का कर लिया है। आईपीएल में पहली बार खेल रही लखनऊ सुपर जाएंट्स और गुजरात टाइटंस की टीमें शीर्ष दो में शामिल हैं। दोनों के 16 अंक हैं और नेट रनरेट भी पॉजिटिव है। मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली इकलौती टीम है। ऐसे में दो जगह के लिए सात टीमों में मुकाबला है।
आइए जानते हैं सभी टीमों के लिए क्या हैं समीकरण:
लखनऊ सुपर जाएंट्स
मौजूदा स्थिति: 11 मैचों में टीम के 16 अंक हैं। उसका नेट रनरेट 0.703 है।
बाकी बचे मैच: टीम को गुजरात टाइटंस, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ खेलना है।
समीकरण: पिछले चार मैचों में जीतकर लखनऊ की टीम पहले पायदान पर पहुंच गई है। उसका नेट रनरेट भी शानदार है। एक और जीत टीम को प्लेऑफ में पहुंचा देगी। टीम के तीन मैच बाकी हैं। ऐसे में सभी मुकाबलों को जीतकर वह कुल 22 अंक हासिल कर सकती है। वहीं, आगे के एक भी मैच नहीं जीतने के बावजूद उसके 16 अंक रहेंगे और मजबूत नेट रनरेट के सहारे केएल राहुल की टीम प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।
लखनऊ सुपर जाएंट्स बनाम गुजरात टाइटंस
- फोटो : IPL/BCCI
गुजरात टाइटंस
मौजूदा स्थिति: 11 मैचों में गुजरात के 16 अंक हैं। हार्दिक पांड्या की टीम का नेट रनरेट 0.120 है।
बाकी बचे मैच: गुजरात को लखनऊ सुपर जाएंट्स, चेन्नई सुपरकिंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेलना है।
समीकरण: लगातार दो मैच में हार के कारण गुजरात की टीम पहले स्थान से दूसरे पर खिसक गई है। इसके बावजूद प्लेऑफ की उम्मीदें कायम हैं। लखनऊ की तरह गुजरात के भी समीकरण हैं। उसे एक जीत की और दरकार है। तीनों मैच जीतने पर कुल 22 अंक हो सकते हैं। अगर तीनों मुकाबले हार जाती है तब टीम को समस्या हो सकती है, लेकिन उसका नेट रनरेट कई टीमों से बेहतर है। ऐसे में गुजरात का भी प्लेऑफ में खेलना करीब-करीब पक्का है।
राजस्थान रॉयल्स
- फोटो : IPL/BCCI
राजस्थान रॉयल्स
मौजूदा स्थिति: संजू सैमसन की टीम के 11 मैचों में 14 अंक हैं। उसका नेट रनरेट 0.326 है।
बाकी बचे मैच: उसे दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जाएंट्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ खेलना है।
समीकरण: प्लेऑफ में स्थान पक्का करने के लिए राजस्थान को दो जीत की तलाश है। अगर एक मैच भी जीत लेती है तो संभावनाएं बढ़ जाएंगी। नेट रनरेट (0.326) के मामले में टीम लखनऊ के बाद दूसरे स्थान पर है। अगर टीम बाकी बचे तीनों मैच में भी हार जाती है तो नेट रनरेट के सहारे चौथा स्थान हासिल कर सकती है, लेकिन इसके लिए उसे दूसरी फ्रेंचाइजियों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
- फोटो : IPL/BCCI
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
मौजूदा स्थिति: 12 मैचों में 14 अंक हैं। नेट रनरेट -0.115 है।
बाकी बचे मैच: आरसीबी का सामना पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस से होना है।
समीकरण: टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए हर हाल में कम से कम एक मैच में जीत चाहिए। बाकी बचे दो मैचों में एक मुकाबला हारने पर नेट रनरेट की भूमिका अहम हो जाएगी। अगर दोनों मैचों में आरसीबी हार जाती है तो बाहर हो जाएगी।
दिल्ली कैपिटल्स
- फोटो : IPL/BCCI
दिल्ली कैपिटल्स
मौजूदा स्थिति: 11 मैचों में टीम के 10 अंक हैं। उसका नेट रनरेट 0.150 है।
बाकी बचे मैच: दिल्ली को राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलना है।
समीकरण: प्लेऑफ की उम्मीदों को कायम रखने के लिए उसे हर हाल में कम से कम दो मैच जीतने ही होंगे। दो मुकाबलों में जीत के बाद ऐसा नहीं है कि टीम प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। तब अन्य टीमों के नतीजों और नेट रनरेट पर नजर रखनी होगी। हां, अगर बाकी बचे तीनों मैच में जीत हासिल कर लेती है तो फिर मुश्किलों का सामना नहीं करना होगा।
सनराइजर्स हैदराबाद
- फोटो : IPL/BCCI
सनराइजर्स हैदराबाद
मौजूदा स्थिति: 11 मैच में टीम के 10 अंक हैं। उसका नेट रनरेट -0.031 है।
बाकी बचे मैच: हैदराबाद को कोलकाता नाइटराइडर्स, मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स से खेलना है।
समीकरण: केन विलियमसन की कप्तानी वाली हैदराबाद की टीम के समीकरण दिल्ली की तरह हैं। कम से कम दो मैचों में जीत पर उम्मीदें बरकरार रहेंगी। तीनों मैच जीतने पर प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं बढ़ जाएंगी।
पंजाब किंग्स
- फोटो : IPL/BCCI
पंजाब किंग्स
मौजूदा स्थिति: टीम के 11 मैचों में 10 अंक हैं और उसका नेट रनरेट -0.231 है।
बाकी बचे मैच: पंजाब को अभी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद से खेलना है।
समीकरण: पंजाब के भी समीकरण दिल्ली और हैदराबाद की तरह हैं। तीनों मैचों में जीत पर प्लेऑफ की राह आसान हो जाएगी। दो जीत के बाद दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। वहीं, दो हार के बाद पूरी तरह बाहर हो जाएगी।
कोलकाता नाइटराइडर्स
- फोटो : IPL/BCCI
कोलकाता नाइटराइडर्स
मौजूदा स्थिति: 12 मैचों में टीम के 10 अंक हैं। उसका नेट रनरेट -0.057 है।
बाकी बचे मैच: टीम को सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ खेलना है।
समीकरण: बाकी बचे दोनों मैचों में जीत के बाद कोलकाता को अन्य फ्रेंचाइजियों के नतीजों पर नजर रखनी होगी। एक भी मैच में हार के बाद सीधे बाहर हो जाएगी। दो जीत के बाद टीम के 14 अंक हो जाएंगे। ऐसे में अन्य टीमों के नतीजों के साथ-साथ नेट रनरेट की भूमिका अहम हो जाएगी।
चेन्नई सुपरकिंग्स
- फोटो : IPL/BCCI
चेन्नई सुपर किंग्स
मौजूदा स्थिति: 11 मैचों में टीम के आठ अंक हैं। चेन्नई का नेट रनरेट 0.028 है।
बाकी बचे मैच: धोनी की टीम को मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलना है।
समीकरण: चेन्नई के तीन मैच बचे हैं। तीनों जीतने पर उसके 14 अंक हो जाएंगे। एक भी हार के बाद धोनी की टीम का प्लेऑफ में खेलने का सपना टूट जाएगा। चेन्नई को अन्य टीमों के नतीजों के साथ-साथ नेट रनरेट पर भी नजर रखनी होगी। चेन्नई के पक्ष में एक बात यह है कि उसका नेट रनरेट पॉजिटिव में है। ऐसे में तीन मैचों में जीत की बाद टीम की संभावनाएं बढ़ जाएंगी।