पहला ग्रुप भारत में टीवी मीडिया अधिकार का था। पीटीआई के मुताबिक, 'स्टार' ने इसके लिए 23,575 करोड़ रुपये की बोली लगाई है। वहीं, दूसरा ग्रुप ओटीटी प्लेफॉर्म पर आईपीएल के प्रसारण अधिकार का था। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, रिलायंस की कंपनी 'वायकॉम 18' ने इसके लिए 20,500 करोड़ रुपये की बोली लगाई है। यानी टीवी और डिजिटल प्रसारण के अधिकार अलग-अलग ब्रॉडकास्टर्स को मिले हैं।
टीवी में आईपीएल मैचों का प्रसारण करने वाला चैनल हर मैच के बदले बीसीसीआई को 57.5 करोड़ रुपये देगा। वहीं, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आईपीएल मैचों का प्रसारण करने वाली कंपनी बीसीसीआई को हर मैच के लिए 50 करोड़ रुपये देगी।
इस हिसाब से आईपीएल के एक मैच की कीमत 107.5 करोड़ हो चुकी है। 2023-2027 तक भारत में मैचों का प्रसारण करने वाली कंपनियां (टीवी और डिजिटल) बीसीसीआई को कुल 44,075 करोड़ रुपये देंगी। 2017 की तुलना में मीडिया अधिकार की कीमत ढाई गुना बढ़ गए हैं।
ईपीएल से ज्यादा हुई आईपीएल के एक मैच की कीमत
आईपीएल 2023-2027 तक के लिए मीडिया अधिकार की नीलामी अब तक पूरी नहीं हुई है, लेकिन आईपीएल के एक मैच की कीमत ईपीएल से ज्यादा हो चुकी है। ईपीएल के एक मैच की कीमत लगभग 86 करोड़ रुपये है, लेकिन आईपीएल के एक मैच की कीमत 105 करोड़ के पार जा चुकी है।
अब सिर्फ एनएफएल (अमेरिकी फुटबॉल लीग) ही एक मैच से कमाई के मामले में आईपीएल से आगे है। एनएफएल के एक मैच की कीमत 109 करोड़ रुपये है। आईपीएल के मीडिया अधिकारों की नीलामी पूरी होने पर आईपीएल के एक मैच की बाकी सभी लीगों से ज्यादा हो सकती है। सोमवार को शाम छह बजे तक बोली की प्रक्रिया रुकने तक कुल राशि 46 हजार करोड़ रुपए के पार चली गई है।
टॉप पांच खेल लीग में एक मैच की वैल्यू
| लीग |
एक मैच की कीमत |
| एनएफएल |
109.31 करोड़ रुपये |
| आईपीएल |
107.5 करोड़ रुपये |
| ईपीएल |
85.89 करोड़ रुपये |
| एमएलबी |
85.89 करोड़ रुपये |
| एनबीए |
15.61 करोड़ रुपये |
नीलामी टेबल तक पहुंची सात कंपनियां
नीलामी के लिए 12 कंपनियों ने टेंडर फॉर्म खरीदे थे, लेकिन सात कंपनियां ही नीलामी में शामिल हुईं। वायकॉम-रिलायंस, डिज्नी+हॉटस्टार, सोनी पिक्चर्स, जी ग्रुप, सुपरस्पोर्ट, टाइम्स इंटरनेट, फनएशिया नीलामी का हिस्सा बनीं, जबकि स्टार, रिलायंस वायकॉम स्पोर्ट18, अमेजन, जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज, ऐप्पल इंक, ड्रीम 11 (ड्रीम स्पोर्ट्स इंक), सोनी ग्रुप कॉर्प, गूगल (अल्फाबेट इंक), फेसबुक और सुपर स्पोर्ट (दक्षिण अफ्रीका), फनएशिया, फैनकोड सहित कई कंपनियों ने टेंडर फॉर्म खरीदे थे। इनमें से अमेजन, गूगल और फेसबुक ने पहले ही नीलामी से हटने का फैसला कर लिया था।
एक सीजन में 94 हो सकती है मैचों की संख्या
मीडिया राइट्स खरीदने वाली कंपनियों को 2023 से 2025 तक तीन सीजन में 74-74 मैच मिल सकते हैं। 2026 और 2027 में मैचों की संख्या 94 पहुंच सकती है। इस साल चार अलग-अलग पैकेज में मीडिया राइट्स बेचे जा रहे हैं। पैकेज-ए में भारत के लिए टीवी राइट्स और पैकेज-बी में भारत के लिए डिजिटल राइट्स हैं। पैकेज-सी में चुनिंदा 18 मैच और पैकेज-डी में विदेशों में टीवी और डिजिटल राइट्स शामिल हैं।
स्टार के पास 2022 तक के लिए थे राइट्स
स्टार इंडिया ने सितंबर 2017 में 16,347.50 करोड़ रुपये की बोली लगाकर 2017 से 2022 तक के लिए मीडिया अधिकार खरीद लिए थे। उसने सोनी पिक्चर्स को हराया था। इस सौदे के बाद आईपीएल के एक मैच की कीमत 54.5 करोड़ रुपये हो गई थी। 2008 में सोनी पिक्चर्स नेटवर्क ने 8200 करोड़ रुपये की बोली लगाकर 10 साल के लिए मीडिया राइट्स अपने नाम किए थे।