अनुबंध का उल्लंघन करने पर आईपीएल फ्रेंचाइजी डेक्कन चार्जर्स को बर्खास्त करने के मामले में बीसीसीआई की महीने भर चली कानूनी लड़ाई के बाद इंडियन प्रीमियर लीग की संचालन परिषद मुंबई में 17 अक्तूबर को बैठक करेगी।
बीसीसीआई के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रो. रत्नाकर शेट्टी ने कहा, ‘मुंबई में 17 अक्तूबर को आईपीएल संचालन परिषद की बैठक होगी। मुझे इसके अलावा इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।’ डेक्कन चार्जर्स के आईपीएल टीम का दर्जा गंवा देने के बाद बोर्ड ने रविवार को नई फ्रेंचाइजी के लिए निविदा जारी करके नई टीम ढूंढने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।
बोर्ड ने 12 शहरों, अहमदाबाद, कटक, धर्मशाला, इंदौर, हैदराबाद, कानपुर, कोच्चि, नागपुर, नोएडा, राजकोट, रांची और विजाग के संबंध में बोली आमंत्रित की है। निविदा नोटिस में कहा गया है कि सभी बोलीकर्ताओं को निविदा आमंत्रण में बताई गई सभी पात्रताएं और जरूरत पूरी करनी होगी।