आईपीएल 2020 कोरोना वायरस के चलते स्थगित है। फिलहाल इसके आयोजन को लेकर कोई रोड मैप नजर नहीं आ रहा है। इस बीच किंग्स इलेवन पंजाब के सहमालिक नेस वाडिया आईपीएल को वैश्विक टूर्नामेंट बताते हुए कहा है कि विदेशी खिलाड़ियों के बिना इस टूर्नामेंट के आयोजन का कोई मतलब नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते लगे लॉकडाउन के कारण आईपीएल के आयोजन को लेकर फैसला करने के लिए बीसीसीआई को थोड़ा और समय चाहिए।
कोरोना वायरस के कारण आईपीएल को बोर्ड ने अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया है। बीसीसीआई सितंबर-अक्तूबर में इसके आयोजन की योजना बना रहा है। इस साल अक्तूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाला टी-20 विश्व कप का आयोजन अगर नहीं होता है, तो आईपीएल के आयोजन की संभावना काफी बढ़ जाएगी। लीग से जुड़े फ्रेंचाइजियों की टूर्नामेंट को लेकर मिश्रित राय है। राजस्थान रॉयल्स ने यात्रा प्रतिबंधों का हवाला देते हुए सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों के साथ इसे आयोजित करने का सुझाव दिया।
वहीं, चेन्नई सुपरकिंग्स ने इस प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि इससे टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट की तरह हो जाएगा। किंग्स इलेवन पंजाब ने भी इस मामले में चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ खड़ा नजर आया। वाडिया ने पीटीआई से कहा कि आईपीएल भारतीयों द्वारा बनाया गया एक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है। यह दुनिया के प्रमुख क्रिकेट आयोजनों में से एक है। ऐसे में इसे अंतरराष्ट्रीय मंच और अंतरराष्ट्रीय सितारों की आवश्यकता है।
वाडिया ने कहा कि फिलहाल आईपीएल के बारे में बात करना सही नहीं है। इस वायरस से निपटना हमारे लिए फिलहाल बहुत जरूरी है। एक बार जब वायरस कम हो जाए तब आईपीएल कब और कहां आयोजित किया जा सकता है, इस बारे में अधिक स्पष्टता हो सकती है।