सनराइजर्स हैदराबाद ने कोच्चि में शुक्रवार (23 दिसंबर) को आयोजित आईपीएल की छोटी नीलामी में 13 खिलाड़ी खरीदे। हैदराबाद ने इंग्लैंड के हैरी ब्रुक के लिए सबसे ज्यादा पैसे खर्च किए। उसने ब्रुक को 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं, पंजाब किंग्स के पूर्व कप्तान मयंक अग्रवाल के लिए हैदराबाद ने 8.25 करोड़ रुपये खर्च किए। सनराइजर्स ने नीलामी से पहले अपने कप्तान केन विलियम्सन को भी बाहर कर दिया था। ऐसे में मयंक टीम के नए कप्तान हो सकते हैं।
हैरी ब्रुक और मयंक के अलावा हैदराबाद ने हेनरिच क्लासेन, अनमोलप्रीत सिंह, नीतीश रेड्डी, उपेंद्र यादव, मयंक डागर, विवरांत शर्मा, सनवीर सिंह, समर्थ व्यास, अकील हुसैन, मयंक मार्कंडे और आदिल रशीद को खरीदा। पिछले सीजन में अपने पहले पांच मैच जीतने के बाद सनराइजर्स की टीम लगातार मैच हारती गई और प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई। इसके बाद इस टीम ने दो बड़े फैसले लिए हैं। कप्तान केन विलियम्सन और निकोलस पूरन को टीम से बाहर कर दिया गया। उसने इस नीलामी में अपनी टीम को नया रूप दिया है।
सनवीर और विवरांत हो सकते हैं तुरुप का इक्का
पंजाब के ऑलराउंड सनवीर सिंह ने हाल के दिनों में घरेलू टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। वह आक्रामक बल्लेबाजी के साथ-साथ तेज गेंदबाजी भी कर सकते हैं। सनवीर गेंद को स्विंग कराने की क्षमता रखते हैं और बल्लेबाजी के दौरान छक्के-चौके भी लगाते हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तीन पारियों में 205.17 की स्ट्राइक रेट 119 रन बनाए थे। उन्हें गेंदबाजी का ज्यादा मौका नहीं मिला था। सनवीर ने विजय हजारे ट्रॉफी में पांच मैचों में सात विकेट लिए थे और 156 रन बनाए थे। उत्तराखंड के खिलाफ सनवीर ने 84 रन की पारी खेली थी।
विवरांत शर्मा की बात करें तो उन्होंने इस साल विजय हजारे ट्रॉफी में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था। उन्होंने आठ मैच की आठ पारियों में जम्मू कश्मीर के लिए पारी की शुरुआत करते हुए 395 रन बनाए थे। इस सीजन उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक निकले। उनका औसत 56.52 और स्ट्राइक रेट 94.72 का रहा। विवरांत अब तक दो प्रथम श्रेणी मैच की चार पारियों में 76 रन बना चुके हैं। वहीं, 14 लिस्ट ए मैच में उनके नाम 519 रन हैं। नौ टी20 मैच की आठ पारियों में उन्होंने 191 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनका स्ट्राइक रेट 128.18 का रहा है। गेंद के साथ विवरांत ने प्रथम श्रेणी मैचो में एक विकेट लिया है। वहीं, लिस्ट में उनका नाम आठ विकेट हैं, जबकि टी20 में उन्होंने छह विकेट लिए हैं।
नीलामी से पहले हैदराबाद के खिलाड़ी: अब्दुल समद, एडेन मार्करम, राहुल त्रिपाठी, ग्लेन फिलिप्स, अभिषेक शर्मा, मार्को यानेसन, वाशिंगटन सुंदर, फजलहक फारूकी, कार्तिक त्यागी, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन, उमरान मलिक।
नीलामी में खरीदे गए खिलाड़ी
हैरी ब्रुक (13.25 करोड़ रुपये)
मयंक अग्रवाल (8.25 करोड़ रुपये)
अनमोलप्रीत सिंह (20 लाख रुपये)
हेनरिच क्लासेन (5.25 करोड़ रुपये)
नीतीश रेड्डी (20 लाख रुपये)
उपेंद्र यादव (25 लाख रुपये)
मयंक डागर (1.80 करोड़ रुपये)
विवरांत शर्मा (2.60 करोड़ रुपये)
सनवीर सिंह (20 लाख रुपये)
समर्थ व्यास (20 लाख रुपये)
अकील हुसैन (एक करोड़ रुपये)
मयंक मार्कंडे (50 लाख रुपये)
आदिल रशीद (2 करोड़ रुपये)
नीलामी के बाद हैदराबाद की टीम:
बल्लेबाजः हैरी ब्रुक, राहुल त्रिपाठी, मयंक अग्रवाल, हेनरिच क्लासेन, एडेन मार्करम, ग्लेन फिलिप्स, उपेन्द्र यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, अनमोलप्रीत सिंह।
ऑलराउंडरः समर्थ व्यास, सनवीर सिंह, मयंक डागर, विवरांत शर्मा, अब्दुल समद, मार्को यानसेन, अभिषेक शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर।
गेंदबाज: उमरान मलिक, फजहलहक फारूकी, कार्तिक त्यागी, टी नटराजन, भुवनेश्वर कुमार, अकील हुसैन, आदिल रशीद, मयंक मार्कंडे।