आईपीएल नीलामी के पहले दिन शनिवार (12 फरवरी) को चेन्नई सुपरकिंग्स ने ओपनर बल्लेबाज फाफ डुप्लेसिस को नहीं खरीदा। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने सात करोड़ रुपये में खरीदा है। डुप्लेसिस 2011 से चेन्नई के सदस्य थे। टीम पर प्रतिबंध लगने के कारण 2016 और 2017 सीजन में वे राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स की ओर से खेले थे। एक दशक पुराना रिश्ता टूटने के बाद डुप्लेसिस भावुक हो गए। चेन्नई ने उनका एक वीडियो शेयर किया है।
चार बार की चैंपियन टीम चेन्नई ने डुप्लेसिस के लिए बोली लगाई थी। आरसीबी ने शुरू से ही टक्कर दी। चेन्नई ने 3.20 करोड़ की बोली लगाने के बाद खुद को अलग कर लिया। इसके बाद आरसीबी को दिल्ली कैपिटल्स से चुनौती मिली। दोनों टीमों ने डुप्लेसिस की कीमत को छह करोड़ रुपये के पार पहुंचा दिया। दिल्ली ने 6.75 करोड़ की बोली लगाने के बाद खुद को हटा लिया। आरसीबी ने सात करोड़ में डुप्लेसिस को खरीद लिया।
डुप्लेसिस ने आईपीएल के 100 मैचों में 34.9 की औसत से 2935 रन बनाए हैं। पिछले साल चेन्नई की टीम को चैंपियन बनाने में डुप्लेसिस का अहम योगदान था। उन्होंने 16 मैचों में 633 रन बनाए थे। चेन्नई द्वारा डुप्लेसिस को नहीं खरीदने पर प्रशंसकों ने फ्रेंचाइजी की जमकर आलोचना की। एक विस्फोटक ओपनर होने के साथ-साथ वे दुनिया के बेहतरीन फील्डर्स में एक हैं।
चेन्नई सुपरकिंग्स ने सोशल मीडिया पर डुप्लेसिस का एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने कहा, "मैं चेन्नई फ्रेंचाइजी, प्रशंसकों, कर्मचारियों, प्रबंधन और खिलाड़ियों को धन्यवाद कहना चाहता था। आपने मेरे लिए कई सारी विशेष यादें बनाई हैं। मुझे लगता है कि मेरे लिए धन्यवाद कहना महत्वपूर्ण है। मैंने टीम के साथ बेहतरीन समय गुजारे हैं। मैं सबको याद करूंगा।"