आईपीएल 2021 की तैयारियां काफी पहले से शुरू हो चुकी हैं। इस बीच खबर है कि आठों फ्रेंचाइजियों को 20 जनवरी तक रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों के नाम सौंपने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। बता दें कि आईपीएल के सीओओ और बीसीसीआई के अंतरिम सीईओ हेमांग अमीन ने एक मेल जारी कर इसकी जानकारी दी है और इससे संबंधित पूरी प्रक्रिया को भी समझाया है।
इसके मुताबिक, जिन भारतीय खिलाड़ियों के पास कोई अनुबंध नहीं है और वे नीलामी का हिस्सा बनना चाहते हैं, उन्हें 4 फरवरी को शाम 5 बजे तक खिलाड़ी नीलामी समझौते को भरना होगा और इसे ऑनलाइन जमा करना होगा। ऑरिजनल कॉपी 12 फरवरी तक डाक द्वारा भेजे जा सकते हैं।
मेल के मुताबिक, अंडर -19 श्रेणी के क्रिकेटरों को भी नीलामी के लिए पंजीकरण करने की अनुमति है, यदि वह किसी भी राज्य संघ का हिस्सा है और उसने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में या लिस्य ए में कम से कम एक मैच खेला है। 2021 सीजन के लिए वही भारतीय अंडर-19 खिलाड़ी पंजीकरण कर सकता है, जो 1 अप्रैल 2002 को या उसके बाद पैदा हुआ हो।
बता दें कि आईपीएल के 14वें सीजन का आयोजन भारत में होगा या नहीं, इस पर कुछ कहना अभी जल्दबाजी होगी। मगर उम्मीद है कि खिलाड़ियों की नीलामी फरवरी के दूसरे या तीसरे हफ्ते में हो जाएगी। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक के खबर है कि आईपीएल 2021 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 11 फरवरी को हो सकती है।