आईपीएल 2022 की विजेता गुजरात टाइटंस और पीएसएल 2022 की विजेता लाहौर कलंदर्स
- फोटो : सोशल मीडिया
साल 2025 में आईपीएल और पाकिस्तान सुपर लीग के मैच एक ही समय पर खेले जा सकते हैं। आईसीसी ने साल 2023 से लेकर 2027 तक का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके बाद साफ हो चुका है कि 2025 में दोनों लीग एक साथ खेली जाएंगी। पीएसएल दुनिया की पहली क्रिकेट लीग होगी, जो आईपीएल के साथ आयोजित होगी। आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग है और कोई भी दूसरी लीग इसके साथ आयोजित नहीं होती है, क्योंकि फैंस आईपीएल के मैच देखने में व्यस्त होते हैं और दूसरे देश की लीग को आर्थिक नुकसान की आशंका रहती है। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पीएसएल के जरिए होने वाली कमाई में कमी आना तय है। इससे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को नुकसान होगा।
साल 2025 में पाकिस्तान को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करनी है। यह टूर्नामेंट फरवरी के महीने में होगा। पाकिस्तान सुपर लीग का आयोजन भी हर साल जनवरी-फरवरी के महीने में होता है। ऐसे में पाकिस्तान को अपनी घरेलू लीग मजबूरन मार्च के महीने में आयोजित करानी होगी। इसी समय आईपीएल का आयोजन होता है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों लीग में खेलने वाले विदेशी खिलाड़ी कहां खेलना पसंद करते हैं।
पाकिस्तान को लंबे समय बाद मिली आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी
पाकिस्तान को लंबे समय बाद किसी आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। आईसीसी के पिछले तीन चक्र में पाकिस्तान को किसी टूर्नामेंट की मेजबानी नहीं दी गई थी, क्योंकि यहां श्रीलंका की टीम पर आतंकी हमला हो गया था और खिलाड़ी खुद को सुरक्षित नहीं महसूस कर रहे थे। इसी वजह से अधिकतर देश भी यहां मैच नहीं खेल रहे थे, लेकिन पिछले कुछ साल में यहां के हालात बदले हैं। श्रीलंका, वेस्टइंडीज के बाद ऑस्ट्रेलिया ने भी पाकिस्तान का दौरा किया है। अब न्यूजीलैंड और इंग्लैंड को भी यहां मैच खेलना है। इसी वजह से आईसीसी ने पाकिस्तान को विश्व कप की मेजबानी दी है।
पाकिस्तान ने इससे पहले साल 1996 में वनडे विश्व कप की मेजबानी की थी। हालांकि, अब पाकिस्तान में सही तरीके से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी हुई है। चैंपियंस ट्रॉफी के अलावा पाकिस्तान दो ट्रॉई सीरीज की भी मेजबानी करेगा। फरवरी 2025 में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान में ट्राई सीरीज खेलेगी। इसके बाद 2026 में श्रीलंका और इंग्लैंड की टीम यहां ट्राई सीरीज खेलने के लिए आएंगी।
अगले पांच साल में पाकिस्तान को अपने घर में 13 टेस्ट, 26 वनडे और 27 टी20 मैच खेलने हैं। पाकिस्तान के चीफ एग्जक्यूटिव फैजल हसनैन ने कहा है कि भविष्य के लिए अपना प्रोग्राम तय करते समय हमनें क्वालिटी क्रिकेट और खिलाड़ियों के वर्कलोड का ध्यान रखा है।
आईपीएल के लिए हर साल ढाई महीने की विंडो
आईपीएल के लिए आईसीसी ने हर साल ढाई महीने की विंडो दी है। हर साल मार्च से लेकर मई तक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं होंगे। इस दौरान आईपीएल के मैच खेले जाएंगे। हालांकि, बाकी किसी टी20 लीग के लिए आईसीसी ने विंडो नहीं दी है। ऐसे में बाकी सभी देशों को अपने देश के खिलाड़ियों के अलावा चुनिंदा विदेशी खिलाड़ियों के साथ ही अपनी टी20 लीग का आयोजन करना होगा।