रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) आईपीएल में अपने पिछले मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब पर एक रन से मिली जीत से उत्साहित है। बुधवार को जब वह मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में उतरेगी तो उनका इरादा जीत की लय बरकरार रखने का होगा।
कोहली एंड कंपनी इस समय अंक तालिका में छठे स्थान पर है। लिहाजा प्लेऑफ मुकाबले में बने रहने के लिए उसे यह मैच हर हाल में जीतना होगा। साथ ही लगातार तीन मैच हारने के बाद राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स और किंग्स इलेवन पंजाब को हराकर आरसीबी ने वापसी की है।
मोहाली में सोमवार रात को मिली रोमांचक जीत से आरसीबी के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। लेकिन मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक हार से प्लेऑफ में पहुंचने की उनकी राह मुश्किल हो सकती है। लिहाजा विराट कोहली के वीरों को बुधवार के मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
आरसीबी के बल्लेबाजों की बात करें तो सभी की निगाहें कोहली पर हैं। कोहली मौजूदा सत्र में दो शतक और चार अर्द्धतशक के साथ 561 रन बनाकर बल्लेबाजों की फेहरिस्त में टॉप पर चल रहे हैं। कोहली के अलावा बल्लेबाजी का जिम्मा एबी डीविलियर्स, ओपनर केएल राहुल और ऑलराउंडर शेन वाटसन पर होगा।
डीविलियर्स ने पिछले मैच में 35 गेंदों में ताबड़तोड़ 64 रन बनाए जबकि राहुल ने 42 रन बनाकर किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ जीत में अहम योगदान दिया। बतौर ऑलराउंडर वाटसन ने अब तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है। गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल ने छाप छोड़ी है जबकि स्टुअर्ट बिन्नी, वरुण एरोन और क्रिस जॉर्डन ने रन लुटाए हैं।
मुंबई की भी नजर होगी जीत पर
- फोटो : PTI
दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस को पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से 85 रन से शिकस्त मिली थी। इस बार वह आरसीबी को हराकर जीत की राह पर लौटना चाहेगी। मुंबई की टीम इस समय अंक तालिका में पांचवें स्थान पर काबिज है। लिहाजा वह कोहली एंड कंपनी को हराकर तालिका में चौथे स्थान पर काबिज दिल्ली डेयरडेविल्स को पछाड़कर चौथे स्थान पर पहुंचना चाहेगी।
अगर मुंबई को इस मैच में आरसीबी से शिकस्त मिलती है तो उसे प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए बाकी के तीनों मैच जीतने होंगे। हालांकि पिछले मैच में आरसीबी को हराने के कारण मुंबई इंडियंस को मनोबल भी बढ़ा हुआ है। कप्तान रोहित शर्मा, अंबाती रायडू और पार्थिव पटेल लय में दिख रहे हैं। रोहित ने अब तक 388 रन बना चुके हैं। रायडू और पार्थिव भी अच्छी पारियां खेल रहे हैं। कीरोन पोलार्ड सरीखे पिंच हिटर मुंबई की बल्लेबाजी को मजबूत बनाते हैं।
गेंदबाजी आक्रमण का दारोमदार मिचेल मैकक्लेनघन, जसप्रीत बुमराह और टिम साउदी पर है। न्यूजीलैंड के मैकक्लेनघन अब तक 14 विकेट ले चुके हैं जबकि बुमराह, साउदी ने क्रमश: 11 और 7 विकेट लिए हैं। स्पिन में हरभजन सिंह, हार्दिक और कृणाल पांड्या भी उनका बेहतरीन साथ दे रहे हैं। लिहाजा कोहली और रोहित कंपनी में रोचक जंग देखने को मिलेगी।
संभावित टीमें : रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर : विराट कोहली (कप्तान), वरुण एरोन, अबु नेचिम, सैमुअल बद्री, स्टुअर्ट बिन्नी, युजवेंद्र चहल, एबी डीविलियर्स, प्रवीण दुबे, क्रिस गेल, ट्रेविस हेड, इकबाल अब्दुल्ला, केदार जाधव, अक्षय कर्णेवार, सरफराज खान, विक्रमजीत मलिक, मनदीप सिंह, हर्षेल पटेल, लोकेश राहुल, परवेज रसूल, केन रिचर्ड्सन, सचिन बेबी, विकास टोकस, शेन वाटसन, डेविड वीसे, क्रिस जोर्डन और तबरेज शम्सी।
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), पार्थिव पटेल, हार्दिक पांड्या, जोस बटलर, मिचेल मैकक्लेनघन, अंबाती रायडू, कीरोन पोलार्ड, हरभजन सिंह, जगदीशा सुचित, टिम साउदी, जसप्रीत बुमराह, श्रेयस गोपाल, आर विनय कुमार, कोरे एंडरसन, उन्मुक्त चंद, मर्चेंट डी लांगे, सिद्धेश लाड, किशोर कामथ, कृणाल पांड्या, दीपक पूनिया, नीतीश राणा, जीतेश शर्मा, नत्थू सिंह, अक्षय वखारे और मार्टिन गुप्टिल।