आईपीएल के छठवें संस्करण का उद्घाटन समारोह दो अप्रैल को कोलकाता के मशहूर सॉल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित होगा। आईपीएल आयोजन समिति ने कहा है कि उसने इस उद्घाटन समारोह के लिए रेड चिलीज इंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के साथ करार किया है, जिसे इस क्षेत्र में अच्छा खासा अनुभव है।
आईपीएल कमिश्नर राजीव शुक्ला ने कहा कि हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आईपीएल-6 के उद्घाटन समारोह के आयोजन के लिए रेड चिलीज के साथ करार किया गया है। सात सप्ताह तक भारत के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले आईपीएल के छठवें संस्करण के उद्घाटन समारोह को अधिक से अधिक आकर्षक बनाने का प्रयास किया गया है। समारोह की विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी।
आईपीएल के छठवें संस्करण का आयोजन तीन अप्रैल से 26 मई के बीच भारत के अलग-अलग शहरों में होना है। फाइनल 26 मई को कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेला जाएगा।