आईपीएल के छठवें संस्करण का आगाज गत विजेता टीम कोलकाता नाइटराइडर्स और सेमीफाइनलिस्ट दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच कोलकाता के ईडन गार्डंस से होगा। उद्घाटन मैच तीन अप्रैल को खेला जाएगा। आठ हफ्तों तक चलने वाले टूर्नामेंट में इस बार जो चीज आकर्षण का केंद्र होगी वह है लीग की नई टीम सनराइजर्स। इस साल अक्तूबर में ही लीग की यह टीम लीग की पूर्व टीम डेक्कन चार्जर्स का मान्यता रद्द होने के बाद शामिल हुई है। सनराइजर्स का पहला मुकाबला पुणे में पांच अप्रैल को पुणे वारियर्स से होगा।
आईपीएल का छठवां संस्करण इस बार भी समान प्रारूप से खेला जाएगा, जिसमें लीग की नौ टीमें एक दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। शीर्ष चार टीमों के बीच 19 मई को प्लेआफ मुकाबला होगा। टूर्नामेंट में पहला क्वालिफायर और एलिमिनेटर चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जाएंगे। लीग के लिए 11 जगहों को मेजबानी के लिए चुना गया है।
रांची में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम काम्पलैक्स में भी इस बार मैच होंगे। आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला ने कहा, ‘आईपीएल 2013 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। हमें उम्मीद है कि यदि छठा संस्करण इसके पिछले संस्करणों से अधिक मजेदार नहीं तो उनसे कम भी नहीं होगा।’