पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने भारत के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान को आईपीएल 2027 के लिए मुख्य कोच नियुक्त किया है। टीम के प्रबंध निदेशक काशी विश्वनाथन ने बताया कि इस फैसले में दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी भी सक्रिय रूप से शामिल थे। 47 वर्षीय जहीर खान ने न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग की जगह ली है, जो 18 साल तक टीम के साथ रहने के बाद अलग हो गए थे। धोनी के अलावा, सीएसके के क्रिकेट मैनेजमेंट में रूपा गुरुनाथ और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ भी इस फैसले में शामिल थे।
जहीर के अनुभव के कारण मिली जिम्मेदारी
सीएसके के आधिकारिक बयान में जहीर की नियुक्ति का जिक्र है, लेकिन इसमें कई साल के करार का कोई उल्लेख नहीं है, जिससे पता चलता है कि यह शुरुआत में एक साल का कार्यकाल होगा। विश्वनाथन ने कहा, असल में यह फैसला टीम प्रबंधन ने लिया था। वे जहीर खान के अनुभव को देखते हुए उन्हें मुख्य कोच बनाना चाहते थे। उन्होंने आईपीएल में 100 से ज्यादा मैच खेले हैं और वे एक ऑलराउंड खिलाड़ी रहे हैं। इसलिए, उन्हें लगा कि वे टीम के लिए एक अच्छा विकल्प होंगे और हमने क्रिकेट मैनेजमेंट की बात मानी। निश्चित रूप से, जब यह फैसला लिया गया तो धोनी भी इसमें शामिल थे। उनकी सलाह के बिना हम कोई काम नहीं करते।
धोनी के भविष्य को लेकर क्या बोले विश्वनाथन?
धोनी फिटनेस की समस्याओं के कारण आईपीएल 2026 में एक भी मैच नहीं खेल पाए थे। जब विश्वनाथन से एक खिलाड़ी के तौर पर धोनी के भविष्य के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'देखिए, असल में वे हमारे लिए अभी भी एक खिलाड़ी हैं। मैं बस इतना ही कह सकता हूं।' विश्वनाथन ने पुष्टि की है कि वनडे विश्व कप 2011 की विजेता टीम का हिस्सा रहे जहीर को अपना बैकरूम स्टाफ चुनने की पूरी आजादी होगी। अभी सीएसके के सपोर्ट स्टाफ में माइक हसी, श्रीधरन श्रीराम, राजीव कुमार, एरिक सिमंस और जेम्स फॉस्टर शामिल हैं। उन्होंने कहा,सपोर्ट स्टाफ का फैसला वही करेंगे।
आईपीएल करियर में 100 मुकाबले खेल चुके जहीर खान ने 2018 से 2022 तक मुंबई इंडियंस के लिए डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशन्स और हेड ऑफ ग्लोबल डेवलपमेंट के तौर पर काम किया था। इसके बाद आईपीएल 2025 में वह लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ मेंटोर की भूमिका निभाएंगे। यह पहली बार होगा जब जहीर किसी क्रिकेट टीम के मुख्य कोच बनेंगे। जहीर बेल्जियम में यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में एंटवर्प एंकर्स, श्रीलंका में लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) में जाफना किंग्स और कनाडा में सुपर60 लीग में वैंकूवर एंकर्स के सह-मालिक भी हैं।