फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SRH vs CSK: अभिषेक-क्लासेन की बल्लेबाजी और मलिंगा की गेंदबाजी से जीती हैदराबाद, कैसा है अंक तालिका का हाल?

Sun, 19 Apr 2026 12:07 AM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद

सार

सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रन से हरा दिया। शनिवार को खेले गए मुकाबले में हैदराबाद ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 194 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर 184 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई।
विज्ञापन
हैदराबाद ने चेन्नई को हराया - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद ईशान मलिंगा की घातक गेंदबाजी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रनों से हरा दिया। शनिवार को उप्पल के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने 194 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम 184 रन ही बना सकी और मैच हार गई। 
विज्ञापन

हैदराबाद ने चेन्नई को हराया - फोटो : IANS
हैदराबाद की तीसरी जीत
इस जीत के साथ हैदराबाद आईपीएल 2026 की अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई। छह मैचों में यह इस टीम की तीसरी जीत है। वहीं, चेन्नई इस सीजन का चौथा मुकाबला हार गई। फिलहाल टीम सातवें स्थान पर है। शीर्ष पर पंजाब किंग्स का दबदबा है जबकि दूसरे और तीसरे पायदान पर क्रमश: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और राजस्थान रॉयल्स है। 

आईपीएल 2026: अंक तालिका का हाल
 
टीम मैच जीते हारे टाई बेनतीजा अंक अंक प्रतिशत
पंजाब किंग्स 5 4 0 0 1 9 1.067
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 6 4 2 0 0 8 1.171
राजस्थान रॉयल्स 5 4 1 0 0 8 0.889
सनराइजर्स हैदराबाद 6 3 3 0 0 6 0.566
दिल्ली कैपिटल्स 5 3 2 0 0 6 0.310
गुजरात टाइटंस 5 3 2 0 0 6 0.018
चेन्नई सुपर किंग्स 6 2 4 0 0 4 -0.780
लखनऊ सुपर जाएंट्स 5 2 3 0 0 4 -0.804
मुंबई इंडियंस 5 1 4 0 0 2 -1.076
कोलकाता नाइट राइडर्स 6 0 5 0 1 1 -1.149

हैदराबाद ने चेन्नई को हराया - फोटो : IANS
चेन्नई के बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन
195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और तीन गेंदों में सात रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर 51 रनों की अहम साझेदारी निभाई। ऋतुराज 13 गेंदों में 19 रन बनाने के बाद आउट हुए। वहीं, म्हात्रे ने 13 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। मैथ्यू शॉर्ट ने 34 रनों का योगदान दिया। सरफराज खान अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 19 गेंदों में 25 रन बनाकर ईशान मलिंगा का शिकार बने।

डेवाल्ड ब्रेविस को शिवांग कुमार ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। वहीं, शिवम दुबे को 21 रनों के स्कोर पर साकिब हुसैन ने क्लीन बोल्ड किया। जेमी ओवरटन 15 गेंदों में 16 रन बनाने के बाद प्रफुल्ले हिंगा का शिकार बने। अंशुल कंबोज 8 गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में एसआरएच की तरफ से ईशान मलिंगा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 29 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने दो विकेट निकाले। शिवांग कुमार और साकिब हुसैन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

अभिषेक-क्लासेन - फोटो : IANS
अभिषेक-क्लासेन के अर्धशतक
इससे पहले, टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत धमाकेदार रही। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 5.5 ओवर में 75 रन जोड़े। अभिषेक आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए और उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अभिषेक ने 22 गेंदों में छह चौके और चार छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। हालांकि, हेड लय में दिखाई नहीं दिए और वह रनों के लिए संघर्ष करते नजर आए। हेड ने 20 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 23 रन बनाए। कप्तान ईशान किशन को मुकेश चौधरी ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा।

अनिकेत वर्मा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और दो रन बनाकर आउट हुए। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी को जेमी ओवरटन ने 12 रनों के स्कोर पर मैथ्यू शॉर्ट के हाथों कैच करवाया। हालांकि, हेनरिक क्लासेन ने अपनी शानदार फॉर्म को इस मैच में भी जारी रखा और 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। क्लासेन एक छोर को संभालकर खड़े रहे। उन्होंने 39 गेंदों में छह चौके और दो छक्कों की मदद से 59 रन बनाए।
विज्ञापन

सलिल अरोड़ा ने 13 रन बनाए, जबकि शिवांग कुमार ने 12 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में सीएसके की ओर से अंशुल कंबोज ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर तीन विकेट चटकाए। वहीं, जेमी ओवरटन ने भी एसआरएच के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। मुकेश चौधरी ने दो और गुरजपनीत सिंह ने एक विकेट निकाला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें