भारत और पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आईपीएल के वर्तमान सत्र में शुरू में जूझने के बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया। उनकी टीम के सहायक कोच साईराज बहुतुले ने कहा कि बेसिक्स (बुनियादी चीजों) पर काम करने से अर्शदीप को अपनी फॉर्म वापस पाने में मदद मिली है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में अर्शदीप ने रेयान रिकेल्टन (02) और सूर्यकुमार यादव (00) को लगातार गेंदों पर आउट किया। बाद में उन्होंने शेरफेन रदरफोर्ड (01) को भी पवेलियन भेजा और कुल 22 रन देकर तीन विकेट लिए।
बहुतुले बोले- अर्शदीप खेल की बारीकियां समझते हैं
बहुतुले ने कहा, अर्शदीप ने पहले दो मैच में अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन पिचों की प्रकृति के कारण गेंदबाजी में विविधता लाना जरूरी होता है और कभी-कभी ऐसा होता है कि आप अपनी मुख्य गेंद फेंकना भूल जाते हैं। लेकिन वह अपनी खेल की बारीकियों को समझते हैं। उन्होंने पिछले कुछ दिनों में अपने बेसिक्स पर काम किया। उन्होंने जमकर अभ्यास किया। उन्हें केवल उसी पर ध्यान देने की जरूरत थी जिसमें वह सबसे अच्छा करते हैं। उनकी सोच बिल्कुल स्पष्ट थी। उन्होंने यह समझा कि उनके लिए क्या अच्छा है और उनका मजबूत पक्ष क्या है। उन्होंने ठीक ऐसा ही किया।
बहुतुले ने प्रभसिमरन सिंह के दृष्टिकोण में आए बदलाव के लिए मुख्य कोच रिकी पोंटिंग को श्रेय दिया, जो 39 गेंदों में 80 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने कहा, इसका बहुत कुछ श्रेय ड्रेसिंग रूम में रिकी की मौजूदगी को भी जाता है। वह खुद इतने सकारात्मक हैं कि सभी बल्लेबाज उनसे प्रेरणा लेते हैं।