सनराइजर्स हैदराबाद को तगड़ा झटका लगा है। टीम के युवा गेंदबाज शिवम मावी ग्रोइन इंजरी की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम प्रबंधन ने आरएस अंबरीश को टीम में शामिल किया है।
आईपीएल का बयान
आईपीएल की तरफ से जारी किए गए बयान के मुताबिक, 'दाएं हाथ के तेज गेंदबाज शिवम मावी चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।'
आरएस अंबरीश को मिला मौका
मावी की जगह सनराइजर्स के टीम प्रबंधन ने युवा ऑलराउंडर आरएस अंबरीश को टीम में शामिल किया है। चेन्नई के रहने वाले अंबरीश इस साल की शुरुआत में जिम्बाब्वे और नामीबिया में हुए आईसीसी मेंस अंडर-19 विश्व कप में भारत की जीत का हिस्सा थे, जहां वे टूर्नामेंट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरे। अंबरीश ने 11 विकेट लेकर भारत के लिए संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज के तौर पर टूर्नामेंट खत्म किया। इसके साथ ही टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने की काबिलियत ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के टैलेंट पूल में सबसे होनहार युवा खिलाड़ियों में से एक के तौर पर पहचान दिलाई।