सार
शुभमन गिल और साई सुदर्शन की रिकॉर्डतोड़ साझेदारी की बदौलत गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 229 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। वहीं, राजस्थान के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर आईपीएल इतिहास का सबसे लंबा पहला ओवर फेंकने वाले गेंदबाज बन गए।
आईपीएल 2026 के 52वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 229 रन बनाए। सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में शुभमन गिल और साई सुदर्शन की सलामी जोड़ी ने शुरुआत से ही राजस्थान के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
जोफ्रा आर्चर
- फोटो : IANS
जोफ्रा आर्चर के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
गुजरात की आक्रामक बल्लेबाजी के बीच राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर आईपीएल इतिहास का सबसे लंबा पहला ओवर फेंकने वाले गेंदबाज बन गए। आर्चर ने अपना पहला ओवर पूरा करने के लिए कुल 11 गेंदें डालीं, जिसमें चार वाइड और एक नो-बॉल शामिल रही। उन्होंने इस ओवर में 18 रन खर्च किए। इसके साथ ही वह आईपीएल में सबसे लंबा ओवर फेंकने वाले संयुक्त रूप से पहले गेंदबाज बन गए। इससे पहले मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे, शार्दुल ठाकुर, संदीप शर्मा, हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह भी 11 गेंदों का ओवर फेंक चुके हैं।
सुदर्शन-गिल
- फोटो : IANS
पावरप्ले में गुजरात का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन
साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने गुजरात टाइटंस को तूफानी शुरुआत दिलाते हुए पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 82 रन जोड़े। यह जीटी का संयुक्त रूप से सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। राजस्थान के गेंदबाज शुरुआती छह ओवरों में पूरी तरह बेबस नजर आए।
सुदर्शन-गिल
- फोटो : IANS
गिल-सुदर्शन ने रचा इतिहास
गिल और सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी निभाई। यह आईपीएल इतिहास में दोनों बल्लेबाजों की नौवीं शतकीय साझेदारी रही। इस मामले में उन्होंने विराट कोहली और क्रिस गेल की जोड़ी की बराबरी कर ली। इस सूची में अब सिर्फ विराट कोहली और एबी डिविलियर्स की जोड़ी उनसे आगे है, जिन्होंने 10 बार शतकीय साझेदारी निभाई है।
सुदर्शन-गिल
- फोटो : IANS
सलामी जोड़ी के तौर पर भी बराबरी
बतौर ओपनिंग जोड़ी गिल और सुदर्शन ने छठी बार 100 से ज्यादा रन जोड़े। इसके साथ ही उन्होंने डेविड वॉर्नर-शिखर धवन और अभिषेक शर्मा-ट्रेविस हेड की जोड़ी की बराबरी कर ली। आईपीएल इतिहास में किसी भी टीम के लिए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने वाली सलामी जोड़ियों में अब यह जोड़ी संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गई है।
सुदर्शन-गिल
- फोटो : IANS
सुदर्शन और गिल की शानदार पारियां
साई सुदर्शन ने 36 गेंदों में 55 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। उन्हें यश राज पुंजा ने आउट किया। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला और 44 गेंदों में 84 रन की विस्फोटक पारी खेली। गिल ने अपनी पारी में नौ चौके और तीन छक्के लगाए।
वाशिंगटन सुंदर
- फोटो : IANS
वॉशिंगटन सुंदर ने आखिर में लगाए ताबड़तोड़ रन
जोस बटलर 10 गेंदों में 13 रन बनाकर ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके, लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने अंत में तेज बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए। उनकी पारी में तीन छक्के और दो चौके शामिल रहे।
शुभमन गिल
- फोटो : IANS
गुजरात का चौथा सबसे बड़ा स्कोर
गुजरात टाइटंस ने अंतिम चार ओवरों में 63 रन जोड़े और निर्धारित 20 ओवर में 229/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह आईपीएल इतिहास में गुजरात टाइटंस का चौथा सबसे बड़ा स्कोर है, जबकि पहली पारी के आधार पर टीम का तीसरा सर्वोच्च स्कोर रहा।