आईपीएल 2026 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। आज अबू धाबी में मिनी नीलामी हो रही है, जिसमें उत्तर प्रदेश के प्रशांत वीर ने टूर्नामेंट इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बनने की बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया। आइये जानते हैं कि इस खिलाड़ी ऐसी क्या खासियत है, जिसने सीएसके को इतनी मोटी रकम खर्च करने पर मजबूर कर दिया।
अमेठी के रहने वाले हैं प्रशांत
प्रशांत वीर की प्राथमिक शिक्षा ब्लॉक संग्रामपुर के भारद्वाज एकेडमी एवं केपीएस स्कूल में हुई। प्राथमिक शिक्षा के ही दौरान इन्हें क्रिकेट के प्रति विशेष रूचि थी। शहर स्थित भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में तैनात क्रिकेट कोच गालिब अंसारी की देखरेख में क्रिकेट की तैयारी शुरू की। इनका चयन स्पोर्ट हॉस्टल मैनपुरी में हो गया। मैनपुरी से ही कक्षा 9 और 10 की परीक्षा पास की। इस वर्ष सहारनपुर से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की है। प्रशांत वीर स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया की अंडर -19 टीम में प्रतिभा कर चुके हैं।
युवराज को मानते हैं आदर्श
प्रशांत वीर पूर्व भारतीय खिलाड़ी युवराज सिंह को अपना आदर्श मानते हैं। वे बचपन से उनको खेलते देखकर बड़े हुए हैं। प्रशांत ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह युवराज सिंह की तरह भारत के लिए खेलना चाहते हैं।
घरेलू क्रिकेट में धमाल मचा रहे प्रशांत
उत्तर प्रदेश के प्रशांत फिलहाल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे हैं। वह शानदार प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। 20 वर्षीय खिलाड़ी ने अब तक दो प्रथम श्रेणी और नौ टी20 मुकाबले खेले हैं। इनमें उन्होंने क्रमश: सात और 112 रन बनाए हैं। वहीं, दोनों प्रारूपों में वह क्रमश: 2 और 12 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।