आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में खिलाड़ियों पर जमकर पैसों की बारिश हो रही है। अबू धाबी में जारी नीलामी में जम्मू कश्मीर के आकिब डार को दिल्ली कैपिटल्स ने उनके आधार मूल्य से 28 गुना ज्यादा कीमत पर खरीदकर चौंका दिया।
दिल्ली ने 8.40 करोड़ में आकिब को खरीदा
आकिब का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था। उन्हें खरीदने के लिए टीमों में दिलचस्प जंग देखने को मिली। उन्हें खरीदने के लिए दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने जबरदस्त बोली लगाई। आखिर में दिल्ली ने उन्हें 8.40 करोड़ रुपये में खरीद लिया। यह कीमत उनके बेस प्राइस से 28 गुना ज्यादा है।
कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ चुके
दलीप ट्रॉफी के हालिया सत्र में जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने इतिहास रचा था। वह दलीप ट्रॉफी के इतिहास में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने 1979 के फाइनल में कपिल देव द्वारा बनाए गए तीन गेंदों पर तीन विकेट (हैट्रिक) के लंबे समय से चले आ रहे रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था। आकिब नबी ने यह कारनामा नॉर्थ जोन की ओर से ईस्ट जोन के खिलाफ खेलते हुए किया। उन्होंने मैच में 28 रन देकर 5 विकेट झटके। इस प्रदर्शन के साथ वह कपिल देव और साईराज बहुतुले के साथ दलीप ट्रॉफी में हैट्रिक लेने वाले चुनिंदा गेंदबाजों की सूची में तो शामिल हुए ही, साथ ही चार लगातार विकेट लेकर उनसे भी एक कदम आगे निकल गए।
घरेलू क्रिकेट में धमाल मचा चुके हैं आकिब
जम्मू कश्मीर के ऑलराउंडर आकिब नबी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। 29 वर्षीय खिलाड़ी ने अब तक भारत के लिए डेब्यू नहीं किया है, लेकिन वह आईपीएल में अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। आकिब ने घरेलू क्रिकेट में अपने हुनर से छाप छोड़ी है जिसका लाभ उन्हें आगामी आईपीएल सत्र से पहले मिला है। जम्मू कश्मीर के आकिब ने 36 प्रथम श्रेणी, 29 लिस्ट ए और 34 टी20 मैच खेले हैं। इनमें उन्होंने क्रमश: 870, 351 और 141 रन बनाए हैं। इसके अलावा तीनों प्रारूपों में वह क्रमश: 125, 42 और 43 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।