लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। लखनऊ का शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से सामना था और मैच में धीमी ओवर गति को लेकर पंत पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने जुर्माना लगाया है। इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मैच में लखनऊ ने सीएसके को हराया था।
मौजूदा सीजन में टीम का पहला अपराध
पंत पर आईपीएल की आचार संहिता के आर्टिकल 2.22 के तहत जुर्माना लगाया गया है जो धीमी ओवर गति से जुड़ा है। चूंकि मौजूदा सीजन में लखनऊ का यह पहला अपराध था इसलिए पंत पर आईपीएल की शीर्ष परिषद ने 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। आईपीएल ने बयान में कहा, लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान ऋषभ पंत पर सीएसके के खिलाफ आईपीएल 2026 के मैच के दौरान धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया गया है। आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत, जो न्यूनतम ओवर-रेट से संबंधित है, यह उनकी टीम का इस सीजन का पहला उल्लंघन था, इसलिए ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
सीएसके पर भारी पड़ी लखनऊ की टीम
मैच की बात करें तो आकाश सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बाद मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की शतकीय साझेदारी के दम पर लखनऊ सुपर जाएंट्स ने सीएसके को सात विकेट से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके ने कार्तिक शर्मा की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में लखनऊ ने 20 गेंदों के शेष रहते तीन विकेट पर 188 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
लखनऊ ने बिगाड़ा चेन्नई का 'खेल'
इस हार के साथ चेन्नई की प्लेऑफ की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है। टीम छठे पायदान पर पहुंच गई। उसके खाते में 12 अंक हैं और नेट रन रेट 0.027 हो गया है। वहीं, प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी लखनऊ की टीम तालिका में 10वें स्थान पर पहुंच गई है। टॉप-4 में आरसीबी, गुजरात, हैदराबाद और पंजाब की टीमें हैं।