सार
कप्तान ऋषभ पंत ने आखिरी मैच से पहले खराब प्रदर्शन के लिए लखनऊ के फैंस से माफी मांगी और अगले सीजन में मजबूत वापसी का भरोसा दिया। वहीं, अर्जुन तेंदुलकर को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में आखिरकार आईपीएल 2026 में डेब्यू का मौका मिला।
ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए आईपीएल का यह सीजन बेहद निराशाजनक रहा। शनिवार को अपने आखिरी लीग मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैदान पर उतरी, लेकिन उससे पहले कप्तान पंत ने फैंस से माफी मांगकर सबका ध्यान खींच लिया।
फैंस से बोले पंत- हम मजबूत वापसी करेंगे
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में टॉस के दौरान ऋषभ पंत ने कहा कि यह सीजन टीम और समर्थकों दोनों के लिए काफी कठिन रहा। उन्होंने उत्तर प्रदेश समेत देशभर से टीम को समर्थन देने पहुंचे फैंस का धन्यवाद किया और अगले सीजन में बेहतर प्रदर्शन का भरोसा दिलाया।
पंत ने कहा, 'सब जानते हैं कि यह सीजन हमारे लिए काफी मुश्किल रहा। लेकिन टीम और खिलाड़ियों के तौर पर हमने बहुत कुछ सीखा है। हम अपने फैंस से माफी मांगना चाहते हैं। यूपी समेत देशभर से लोग हमारा समर्थन करने आए। यह हमारे लिए कठिन समय रहा, लेकिन हम अगले सीजन में मजबूत वापसी करेंगे और अपना 100 प्रतिशत देंगे।'
अर्जुन तेंदुलकर को मिला मौका
इस मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर को आखिरकार आईपीएल 2026 में डेब्यू करने का मौका मिला। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन पूरे सीजन बेंच पर बैठे रहे थे, लेकिन टीम के प्लेऑफ से बाहर होने के बाद उन्हें अंतिम मैच में मौका दिया गया। अर्जुन को आईपीएल 2026 के मेगा ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस से ट्रेड कर 30 लाख रुपये में लखनऊ ने अपनी टीम में शामिल किया था। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज और लोअर ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में उन्हें टीम में शामिल किया गया है।
प्लेइंग-11 में कई बदलाव
ऋषभ पंत ने टॉस के दौरान दो बदलावों की बात कही, लेकिन टीम में कुल चार बदलाव देखने को मिले। अर्जुन तेंदुलकर और अर्शिन कुलकर्णी के अलावा मुकुल चौधरी और मोहम्मद शमी की भी वापसी हुई। अर्जुन तेंदुलकर ने टीम में मयंक यादव की जगह ली। गेंदबाजी में वह मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान के साथ नजर आए।
अंक तालिका में सबसे नीचे लखनऊ
लखनऊ सुपर जाएंट्स का यह सीजन बेहद खराब रहा। टीम ने 13 मैचों में सिर्फ चार जीत दर्ज की और अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही। लगातार दूसरे सीजन टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
लखनऊ सुपर जाएंट्स: जोश इंग्लिस, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, अर्जुन तेंदुलकर, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, मोहसिन खान।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: शाहबाज अहमद, दिग्वेश सिंह राठी, मणिमारन सिद्धार्थ, हिम्मत सिंह, आकाश महाराज सिंह।
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह ओमरजई, मार्को यानसेन, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: हरप्रीत बराड़, मार्कस स्टोइनिस, जेवियर बार्टलेट, विष्णु विनोद, प्रवीण दुबे।