फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LSG vs KKR: रोमांच की सारी हदें पार! सुपरओवर में केकेआर ने जीता मैच, लखनऊ तालिका में आखिरी स्थान पर लुढ़की

Mon, 27 Apr 2026 12:10 AM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

केकेआर और लखनऊ के बीच खेले गए आईपीएल मुकाबले में रोमांच की सारी हदें पार हो गईं। मैच टाई होने के बाद सुपरओवर में पहुंचा, जहां लखनऊ सिर्फ एक रन बना सकी। रिंकू सिंह ने सुपरओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर केकेआर को शानदार जीत दिलाई।
विज्ञापन
ऋषभ पंत-रिंकू सिंह - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रविवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ सुपरओवर में शानदार जीत दर्ज की। रविवार को इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रोमांच चरम पर रहा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने रिंकू सिंह की नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम ने भी निर्धारित ओवरों में आठ विकेट खोकर 155 रन बनाए और मुकाबला सुपरओवर में पहुंच गया। 
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: IPL 2026: KKR-LSG मैच में भारी चूक! छक्के को दिया गया चौका; क्या अंपायरिंग में बड़ी गलती से हारी लखनऊ की टीम?

कोलकाता ने लखनऊ को हराया - फोटो : IANS
सुपरओवर का रोमांच
  • लखनऊ की तरफ से बल्लेबाजी के लिए निकोलस पूरन और एडेन मार्करम आए। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने गेंदबाजी का जिम्मा सुनील नरेन को सौंपा।
  • पहली गेंद पर पूरन बोल्ड हुए। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए ऋषभ पंत आए।
  • पंत ने एक रन चुराया। अब स्ट्राइक पर मार्करम आए।
  • मार्करम तीसरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में रिंकू सिंह को कैच थमा बैठे। 
  • इस तरह सुपरओवर में लखनऊ के बल्लेबाज सिर्फ एक रन बना पाए और केकेआर को दो रन का लक्ष्य मिला।
  • इसके बाद कोलकाता की तरफ से सुपरओवर में बल्लेबाजी के लिए रिंकू सिंह और रोवमन पॉवेल आए। कप्तान ऋषभ पंत ने प्रिंस यादव को गेंद थमाई।
  • पहली ही गेंद पर रिंकू सिंह ने शानदार चौका लगाकर केकेआर को जीत दिलाई।

कोलकाता ने लखनऊ को हराया - फोटो : IANS
आखिरी स्थान पर लुढ़की लखनऊ
लगातार पांच मैचों में हार के बाद लखनऊ की टीम आईपीएल 2026 की अंक तालिका में आखिरी स्थान पर पहुंच गई है, जबकि केकेआर ने आठवां स्थान हासिल कर लिया। इस टूर्नामेंट में आठ में से छह मुकाबले गंवा चुकी लखनऊ के खाते में सिर्फ चार अंक हैं और नेट रन रेट -1.106 हो गया है। वहीं, केकेआर आठ में दो मैच जीतकर और एक मुकाबला रद्द होने के कारण पांच अंक खाते में जोड़े है। हालांकि, उनका नेट रन रेट -0.751 है।

आईपीएल 2026: अंक तालिका का हाल
 
टीम मैच  जीते हारे टाई बेनतीजा अंक नेट रन रेट
पंजाब किंग्स 7 6 0 0 1 13 +1.333
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 7 5 2 0 0 10 +1.101
सनराइजर्स हैदराबाद 8 5 3 0 0 10 +0.815
राजस्थान रॉयल्स 8 5 3 0 0 10 +0.602
गुजरात टाइटंस 8 4 4 0 0 8 -0.475
चेन्नई सुपर किंग्स 8 3 5 0 0 6 -0.121
दिल्ली कैपिटल्स 7 3 4 0 0 6 -0.184
कोलकाता नाइट राइडर्स 8 2 5 0 1 5 -0.751
मुंबई इंडियंस 7 2 5 0 0 4 -0.736
लखनऊ सुपर जाएंट्स 8 2 6 0 0 4 -1.106

लखनऊ बनाम केकेआर - फोटो : IANS
फिर खुली लखनऊ के बल्लेबाजी क्रम की कलई
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मिचेल मार्श सिर्फ दो रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए एडेन मार्करम और कप्तान ऋषभ पंत ने 57 रनों की अहम साझेदारी निभाई। मार्करम ने 27 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि पंत ने 38 गेंदों में 42 रनों का योगदान दिया। पंत ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। निकोलस पूरन की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही और वह नौ रन ही बना सके। मुकुल चौधरी महज एक रन बनाकर अनुकूल रॉय का शिकार बने। आयुष बदोनी ने 19 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। वहीं, जॉर्ज लिंडे आठ रन बनाकर वैभव अरोड़ा का शिकार बने। 

मोहम्मद शमी - फोटो : IANS
आखिरी ओवर में कैसे शमी ने जगाई उम्मीद?
  • आखिरी ओवर में जीत के लिए एलएसजी को 17 रनों की दरकार थी और क्रीज पर हिम्मत सिंह और मोहम्मद शमी मौजूद थे। 
  • केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने गेंद कार्तिक त्यागी को थमाई।
  • ओवर की पहली गेंद पर शमी ने एक रन लिया।
  • इसके बाद केकेआर के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने अगली दो गेंदें नो-बॉल फेंकी, जिस पर हिम्मत छह रन बटोरने में सफल रहे।
  • हालांकि, तीसरी गेंद पर कार्तिक ने हिम्मत सिंह की 10 गेंदों में खेली गई 19 रनों की पारी का अंत कर दिया।
  • ओवर की चौथी गेंद पर प्रिंस यादव ने एक रन लिया, तो पांचवीं गेंद डॉट रही।
  • हालांकि, ओवर की आखिरी गेंद पर शमी ने जोरदार छक्का लगाया और मैच को टाई कराते हुए सुपर ओवर में पहुंचा दिया। शमी छह गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद रहे। 
  • गेंदबाजी में केकेआर की तरफ से वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा ने दो-दो विकेट चटकाए।

अंगकृष रघुवंशी - फोटो : IANS
अंगकृष को क्यों करार दिया गया आउट?
इससे पहले, केकेआर की शुरुआत एक बार फिर खराब रही। टिम सीफर्ट बिना खाता खोले मोहसिन खान का शिकार बने। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी नौ रन बनाकर आउट हुए। उन्हें फील्डिंग में बाधा डालने के कारण आउट करार दिया गया। अंयापर के इस फैसले से केकेआर का खेमा काफी नाखुश नजर आया।  

दरअसल, यह घटना केकेआर की पारी के पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर घटी। प्रिंस यादव की गेंद पर अंगकृष रघुवंशी ने मिड-ऑन की दिशा में शॉट खेला और रन लेने के लिए तेजी से दौड़े। हालांकि, दूसरे छोर पर खड़े कैमरन ग्रीन ने उन्हें वापस भेज दिया। क्रीज के अंदर पहुंचने के लिए अंगकृष ने डाइव लगाई। अंगकृष ने जिस समय अपना विकेट बचाने के लिए डाइव लगाई उसी वक्त फील्डर ने गेंद को थ्रो किया, जो सीधा अंगकृष के पैर में आकर लगी।अंगकृष के गेंद लगते ही एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत और टीम के बाकी खिलाड़ियों ने अंपायर के सामने अपील कर दी।

इसके बाद अंगकृष को 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' के कारण अंपायर ने आउट करार दे दिया। अंगकृष और केकेआर का पूरा खेमा अंपायर के फैसले से नाखुश नजर आया। अंगकृष ने पवेलियन लौटते समय जोर से अपना बल्ला जमीन पर मारा और हेलमेट को बाउंड्री लाइन के पास ही फेंक दिया। केकेआर के मुख्य कोच अभिषेक नायर भी अंपायर से काफी देर तक बातचीत करते हुए नजर आए और उनके चेहरे पर गुस्सा साफतौर पर झलक रहा था। हालांकि, अंगकृष से पहले आईपीएल में अमित मिश्रा, रवींद्र जडेजा, युसूफ पठान को भी फील्डिंग में बाधा डालने की वजह से आउट दिया जा चुका है।
विज्ञापन

मोहसिन खान-ऋषभ पंत-रिंकू सिंह - फोटो : IANS
रिंकू सिंह ने बचाई साख, मोहसिन ने झटके पांच विकेट
इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे 15 गेंदों का सामना करने के बावजूद 10 रन ही बना सके। रोवमैन पॉवेल सिर्फ एक रन ही बना पाए। कैमरन ग्रीन ने टीम की लड़खड़ाती हुई पारी को कुछ हद तक संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह 21 गेंदों में 34 रन बनाने के बाद अपना विकेट गंवा बैठे। अनुकूल रॉय को मोहसिन खान ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। वहीं, रमनदीप सिंह 11 गेंदों में छह रन बनाकर आउट हुए। रिंकू सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 83 रनों की नाबाद पारी खेली। रिंकू ने अपनी इस पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाए। वहीं, सुनील नरेन चार रन बनाकर नाबाद रहे।

गेंदबाजी में एलएसजी की ओर से मोहसिन खान ने चार ओवर में सिर्फ 23 रन देकर पांच विकेट निकाले। एलएसजी की तरफ से मोहसिन खान का प्रदर्शन गेंद से शानदार रहा। वहीं, जॉर्ज लिंडे ने 18 रन देकर एक विकेट चटकाया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें