फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LSG vs GT: लखनऊ सुपर जाएंट्स पर भारी पड़ी बटलर-गिल की साझेदारी, गुजरात ने जीता लगातार दूसरा मुकाबला

Sun, 12 Apr 2026 07:23 PM IST
Sovit Chaturvedi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

जोस बटलर और शुभमन गिल ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलकर गुजरात को लखनऊ पर जीत दिलाई। गुजरात की टीम ने इस सीजन में अपना दूसरा मुकाबला जीता और वह अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है।
विज्ञापन
गिल और बटलर - फोटो : IPL
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शुभमन गिल और जोस बटलर के अर्धशतकों की मदद से गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को सात विकेट से हराया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 164 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 18.4 ओवर में तीन विकेट पर 165 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। गुजरात के लिए बटलर ने 60 रन और गिल ने 56 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़कर जीत की नींव रखी। 
विज्ञापन

पांचवें स्थान पर पहुंची गुजरात 
गुजरात की आईपीएल 2026 में यह दूसरी जीत है। लखनऊ ने पिछले दो मैच जीते थे, लेकिन उसे घरेलू मैदान पर हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में जीत के बाद गुजरात टाइटंस की टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि लखनऊ की टीम छठे स्थान पर आ गई है। राजस्थान रॉयल्स की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर मौजूद है। उसने अपने शुरुआती चारों मैच जीते हैं। 

गुजरात की अच्छी शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए गिल और साई सुदर्शन ने गुजरात को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। दिग्वेश सिंह राठी ने पावरप्ले खत्म होने से पहले सुदर्शन को अपना शिकार बनाया और इस साझेदारी का अंत किया। सुदर्शन 14 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद गिल ने बटलर के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने लखनऊ के गेंदबाजों को जमकर परेशान किया और टीम को जीत के करीब पहुंचाया। गिल ने 33 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और फिर बटलर भी पचासा लगाने में सफल रहे। प्रिंस यादव ने हालांकि गिल को आउट कर गुजरात को दूसरा झटका दिया जो 40 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके कुछ देर बाद मोहम्मद शमी ने बटलर को अपना शिकार बनाया। बटलर 37 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 60 रन बनाकर आउट हुए। वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने फिर गुजरात को जीत दिलाई। वाशिंगटन 13 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 21 रन और राहुल तेवतिया 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। लखनऊ के लिए मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी को एक-एक विकेट मिला।
विज्ञापन

प्रसिद्ध कृष्णा ने लखनऊ को बड़ा स्कोर बनाने से रोका
इससे पहले, गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लखनऊ की बल्लेबाजी खराब रही और उसका कोई बल्लेबाज बड़ा पारी नहीं खेल सका। प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज की अगुआई में तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से गुजरात टाइटंस ने लखनऊ को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए एडेन मार्करम ने सबसे ज्यादा 30 रन का योगदान दिया। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया। कप्तान ऋषभ पंत (18), निकोलस पूरन (19), अब्दुल समद (18) और मुकुल चौधरी (18) ने क्रीज पर समय बिताने के बाद अपने विकेट गंवा दिए। प्रसिद्ध ने चार ओवर में 28 रन देकर चार विकेट लिए। उन्हें मोहम्मद सिराज (चार ओवर में 19 रन पर एक विकेट) और अशोक शर्मा (चार ओवर में 32 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला। कगिसो रबाडा को भी एक सफलता मिली, लेकिन उन्होंने चार ओवर में 54 रन लुटाए। राशिद खान ने चार ओवर में 25 रन दिए। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें