फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिंकू सिंह को हुआ क्या?: मध्यक्रम में अपनी भूमिका पर नहीं खरा उतर पा रहा KKR का फिनिशर, असफलता ने बढ़ाई चिंता

Sat, 18 Apr 2026 04:02 PM IST
Sovit Chaturvedi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह बड़े शॉट्स लगाने के लिए जाने जाते हैं। पिछले कुछ वर्षों में रिंकू केकेआर के अहम स्तंभ बन गए हैं, लेकिन मौजूदा सीजन में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है जिससे टीम की चिंता बढ़ती जा रही है।
विज्ञापन
रिंकू सिंह - फोटो : IPL
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल 2023 में नौ अप्रैल को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच मैच खेला गया था। इस मैच ने भारतीय क्रिकेट को रिंकू सिंह के रूप में एक बड़ा सितारा दिया था जिसके दिन आजकल गर्दिश में चल रहे हैं। पहले नौ अप्रैल को हुए उस मैच को याद कर लेते हैं। 205 रन के लक्ष्य का सामना कर रही केकेआर को आखिरी ओवर में जीत के लिए 29 रन चाहिए थे। क्रीज पर रिंकू सिंह 16 गेंदों पर 18 और उमेश यादव पांच गेंदों पर चार रन बनाकर खेल रहे थे। आखिरी ओवर में इतने रन बनाकर कोई टीम नहीं जीती थी, इसलिए केकेआर जीत की उम्मीद छोड़ चुकी थी, लेकिन उस मैच के आखिरी ओवर में जो हुआ वो क्रिकेट इतिहास की रोमांचक यादों में दर्ज हो गया।
विज्ञापन
Trending Videos

जब पांच गेंदों पर पांच छक्के लगाकर बने स्टार 
गुजरात टाइटंस  की तरफ से गेंदबाजी के लिए आए यश दयाल की पहली गेंद पर उमेश यादव ने सिंगल लेकर स्ट्राइक रिंकू सिंह को दे दी। इसके बाद रिंकू ने लगातार पांच छक्के लगाते हुए केकेआर को जीत दिला दी। क्रिकेट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ था जब किसी बल्लेबाज ने लगातार पांच छक्के लगाते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई थी। रिंकू 21 गेंदों पर 48 रन बनाकर नाबाद लौटे। 

केकेआर ही नहीं, भारत के भी बने फिनिशर
इस मैच के बाद रिंकू सिंह न सिर्फ केकेआर के, बल्कि भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली और भरोसेमंद चेहरे के रूप में उभरे। उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम में मौका मिला। टीम इंडिया के लिए भी उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। फिनिशर के रूप में कई अच्छी पारियां उनके बल्ले से आईं। हालांकि, वह भारतीय टीम से अंदर-बाहर होते रहे हैं। टी20 विश्व कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे रिंकू का विश्व कप के शुरुआती मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा था और उनकी जगह संजू सैमसन को टीम में जगह दी गई थी। 

केकेआर ने रिंकू सिंह में हमेशा अपना भविष्य देखा। टीम ने श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल, वेंकटेश अय्यर जैसे खिलाड़ियों को जाने दिया लेकिन आईपीएल 2025 में उन्हें 13 करोड़ रुपये देकर टीम में बरकरार रखा। नौ अप्रैल 2023 को रातों-रात सुपरस्टार बने रिंकू सिंह के प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रनों के लिए संघर्ष करने के बाद रिंकू सिंह आईपीएल में भी संघर्ष कर रहे हैं। आईपीएल 2025 के 13 मैचों की 11 पारियों में 206 रन बनाने वाले रिंकू आईपीएल 2026 के छह मैचों की पांच पारियों में महज 79 रन बना सके हैं। उनका औसत 19.75 रहा है। 
विज्ञापन

रिंकू की फॉर्म में गिरावट ने खड़े किए सवाल
रिंकू को बल्लेबाजी के लिए चौथे क्रम पर भेजा जाए या फिर छठे क्रम पर रन नहीं बन रहे। रिंकू सिंह की फॉर्म में गिरावट केकेआर प्रबंधन और भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए चिंता का विषय है और उनके भविष्य पर भी सवाल खड़े करता है। रिंकू सिंह को केकेआर के मध्यक्रम का सबसे मजबूत बल्लेबाज माना जा रहा था और उन्हें एक ऐसे फिनिशर के रूप में देखा जा रहा था जिसके लिए कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। 

रिंकू ने अपने प्रदर्शन से न सिर्फ टीम के लिए मुश्किल खड़ी कर दी है, बल्कि अपनी मुसीबतें भी बढ़ा ली हैं। केकेआर ने इस सीजन की शुरुआत में उन्हें उपकप्तान बनाया था, लेकिन जिस तरह का प्रदर्शन केकेआर और रिंकू का रहा है, अगर उसमें सुधार नहीं हुआ तो अगले सीजन केकेआर में बड़ा बदलाव तय है और उसमें रिंकू सिंह का पत्ता टीम से कट सकता है। मालूम हो कि रिंकू सिंह केकेआर के साथ 2018 से जुड़े हुए हैं। 2023 में हीरो बनने वाला बाएं हाथ का यह विस्फोटक बल्लेबाज फिलहाल लगातार असफल हो रहा है। रिंकू को फिर से अपनी प्रतिष्ठा हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें