इम्पैक्ट प्लेयर नियम की आलोचना करने वाले में एक और नाम जुड़ गया है। दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने इस नियम की आलोचना की है। उनका मानना है कि इससे खेल का कौशल काफी हद तक खत्म हो रहा है। जैमीसन ने पहले कई मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों ने इस नियम को लेकर चिंता व्यक्त की थी। कुछ खिलाड़ी इस नियम को ऑलराउंडर के विकास में बाधा मानते हैं, जबकि कुछ का मानना है कि इससे खेल का पलड़ा बल्लेबाजों के पक्ष में झुक जाता है क्योंकि टीमें अब आठवें नंबर पर एक अतिरिक्त बल्लेबाज होने के कारण शुरू से लेकर आखिर तक आक्रामक अंदाज में खेल सकती हैं।
जैमीसन बोले- इस नियम का समर्थक नहीं
जैमीसन ने गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के मैच से पहले कहा, निजी तौर पर मैं इस नियम का समर्थक नहीं हूं। मुझे लगता है कि इससे खेल में कौशल का महत्व काफी हद तक कम हो जाता है। मुझे लगता है कि अगर आप नौवें या 10वें नंबर तक बल्लेबाज रख सकते हैं तो फिर आपको उस तरह के बल्लेबाजी कौशल की जरूरत नहीं पड़ेगी जो शायद आपको पहले की तरह चाहिए होती थी।
2027 तक लागू रहेगा इम्पैक्ट प्लेयर नियम
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 2023 में यह नियम लागू किया था और यह 2027 तक बना रहेगा। इसके बाद इस नियम की समीक्षा की जाएगी। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैमीसन ने कहा कि आईपीएल के अलावा दुनिया की किसी भी बड़ी लीग में इम्पैक्ट प्लेयर नियम का उपयोग नहीं किया जाता। जैमीसन ने कहा, मुझे लगता है कि इसका असर ऑलराउंडर पर पड़ रहा है। इससे ऐसे खिलाड़ी प्रभावित हो रहे हैं जो गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों कर सकते हैं और टीम को संतुलन प्रदान कर सकते हैं। इस नियम से खेल से इस कौशल का महत्व थोड़ा कम हो जाता है। दुनिया भर में या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आपको बहुत कम ही ऐसी जगहें देखने को मिलेंगी जहां इम्पैक्ट प्लेयर का नियम लागू होता है। इसके पीछे कोई अच्छा कारण ही होगा।
जैमीसन को दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से वर्तमान सत्र में अभी तक खेलने का मौका नहीं मिला है क्योंकि टीम केवल चार विदेशी खिलाड़ियों को मैदान में उतार सकती हैं। उन्होंने कहा, निश्चित तौर पर हर कोई खेलना चाहता है। प्रत्येक खिलाड़ी इस टीम को मैच जिताने के लिए अपना योगदान देना चाहता है। लेकिन केवल चार विदेशी खिलाड़ी ही खेल सकते हैं और मेरे लिए यह क्रिकेटर के रूप में बेहतर बनने का समय है। इसके लिए आईपीएल से बेहतर कोई मंच नहीं हो सकता है।