आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत धमाकेदार रही थी। टीम ने सीजन के अपने पहले मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) और दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस को हराया था। दिल्ली को इन दोनों मैचों में मिली जीत का हीरो एक युवा और अनकैप्ड खिलाड़ी रहा था। इस खिलाड़ी का बल्ला बाद के छह मैचों की पांच पारियों में नहीं चला है। दिल्ली को पांच मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।
शुरुआती मैचों में दिल्ली की जीत के हीरो रहे थे रिजवी
दिल्ली कैपिटल्स को सीजन के शुरुआती दो मैचों में मिली जीत के हीरो दाएं हाथ के 22 साल के विस्फोटक बल्लेबाज समीर रिजवी रहे थे। समीर ने दोनों ही मैचों में मुश्किल परिस्थिति से निकालते हुए टीम को जीत दिलाई थी। एलएसजी के खिलाफ 26 रन पर चार विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी दिल्ली को रिजवी ने 47 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाकर जीत दिलाई थी। इसके बाद मुंबई के खिलाफ 51 गेंदों पर 90 रन बनाकर समीर ने दिल्ली को जीत दिलाई थी।
लगातार दो मैचों में रिजवी के बल्ले से आई इन मैच-विजयी पारियों ने न सिर्फ दिल्ली को जीत दिलाई थी, बल्कि टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ाया था। रिजवी को टीम का संकटमोचक माना जाने लगा था। लेकिन, उन दो मैचों के बाद रिजवी लगातार पांच पारियों में फ्लॉप रहे हैं। इसका खामियाजा दिल्ली को छह मैचों में पांच में हार के रूप में उठाना पड़ा है। शुरुआती दो पारियों में 160 रन बनाने वाले रिजवी बाद की पांच पारियों में महज 49 रन बना सके हैं। रिजवी की असफलता से दिल्ली का मध्यक्रम कमजोर हुआ है।
रिजवी का फॉर्म में आना जरूरी
टूर्नामेंट अब धीरे-धीरे निर्णायक मोड़ पर जा रहा है। दिल्ली आठ मैचों में तीन जीत के साथ छह अंक लेकर सातवें स्थान पर है। अगर दिल्ली को अगले छह मैचों में कम से पांच मैच जीतना है और प्लेऑफ की संभावना तलाशनी है, तो रिजवी का रन बनाना अहम होगा। देखना होगा कि रिजवी का बल्ला शुक्रवार को राजस्थान के खिलाफ होने वाले मुकाबले में चलता है या नहीं।