उर्विल पटेल की धुआंधार बल्लेबाजी से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को पांच विकेट से हराया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में सीएसके ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 208 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। 2019 के बाद यह पहली बार है जब सीएसके ने 180+ रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया है।
तालिका में पाचवें स्थान पर पहुंची सीएसके
सीएसके इस जीत के साथ ही अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। सीएसके के 11 मैचों में छह जीत और पांच हार के साथ 12 अंक हैं। सीएसके ने बेहतर नेट रन रेट के कारण राजस्थान रॉयल्स को पीछे छोड़ दिया है। राजस्थान के भी इतने ही अंक हैं। वहीं, लखनऊ प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है। लखनऊ 11 मैचों में तीन जीत और आठ हार के साथ छह अंक लेकर तालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर मौजूद है।
उर्विल की विस्फोटक बल्लेबाजी
लक्ष्य का पीछा करते हुए संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ ने सीएसके को अच्छी शुरुआत दिलाई। सैमसन ने शुरुआत से ही हाथ खोले और कुछ अच्छे शॉट्स लगाए, लेकिन दिग्वेश ने उन्हें बोल्ड कर सीएसके को पहला झटका दिया। सैमसन 14 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद उर्विल पटेल ने विस्फोटक बल्लेबाजी की और रिकॉर्ड बना लिया। उर्विल ने महज 13 गेंदों पर पचासा पूरा किया और आईपीएल इतिहास का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक लगाया। उर्विल ने इसके साथ ही यशस्वी जायसवाल की बराबरी कर ली है जिन्होंने 13 गेंदों पर ही आईपीएल में अर्धशतक लगाया था। हालांकि, शाहबाज अहमद ने उनकी पारी का अंत किया। उर्विल ने 23 गेंदों पर दो चौकों और आठ छक्कों की मदद से 65 रन बनाए।
सीएसके की पारी लड़खड़ाई
उर्विल के आउट होने के बाद सीएसके की पारी लड़खड़ा गई। लखनऊ हालांकि, वापसी करने में तो सफल हुई, लेकिन मौके को नहीं भुना सकी। लखनऊ की हार का एक बड़ा कारण खराब फील्डिंग रही क्योंकि टीम ने तीन कैच छोड़े। दिग्वेश राठी ने दो कैच छोड़े, जबकि निकोलस पूरन ने एक कैच छोड़ा। दिग्वेश और पूरन ने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे प्रशांत वीर को दो बार उस समय जीवनदान दिया, जब मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया था। इसका खामियाजा टीम को उठाना पड़ा। सीएसके के लिए ऋतुराज ने 42, कार्तिक शर्मा ने 20 और डेवाल्ड ब्रेविस ने 10 रन बनाए। वहीं, प्रशांत 12 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से नाबाद 18 और शिवम दुबे सात गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 15 रन बनाकर नाबाद लौटे। लखनऊ की ओर से दिग्वेश और शाहबाज अहमद को दो-दो विकेट मिले, जबकि आवेश खान को एक सफलता मिली।
इंग्लिस-शाहबाज की शानदार पारी
इससे पहले, जोश इंग्लिस और शाहबाज अहमद की शानदार पारियों की मदद से लखनऊ सुपर जाएंट्स ने सीएसके को 204 रनों का लक्ष्य दिया। लखनऊ के लिए इंग्लिस ने 33 गेंदों पर 10 चौकों और छह छक्कों की मदद से 85 रन बनाए। शहबाज अहमद 25 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 43 रन बनाकर नाबाद रहे। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जाएंट्स की शुरुआत अच्छी रही। इंग्लिस और मिचेल मार्श ने मिलकर पहले विकेट के लिए महज 31 गेंदों में 77 रनों की शानदार साझेदारी निभाई। मार्श 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि निकोलस पूरन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह एक रन बनाकर नूर अहमद का शिकार बने। कप्तान ऋषभ पंत भी 12 गेंदों में 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सीएसके की ओर से जैमी ओवरटन ने तीन विकेट झटके, जबकि अंशुल कंबोज को दो और नूर अहमद को एक विकेट मिला।