अंगकृष रघुवंशी-चेतेश्वर पुजारा-जेसन होल्डर
- फोटो : ANI
आईपीएल के 19वें संस्करण का रोमांच प्रशंसकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। रविवार को खेले गए दो मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन से खूब वाहवाही लूटी। हैदराबाद में खेले गए मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराया। वहीं, अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स पर चार विकेट से जीत दर्ज की।
जेसन होल्डर
- फोटो : ANI
पुजारा ने की होल्डर की तारीफ
गुजरात की जीत में जेसन होल्डर का अहम योगदान रहा। उन्होंने चार विकेट लेकर पंजाब के मजबूत बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। होल्डर के प्रदर्शन को पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने सराहा। उन्होंने कहा कि होल्डर जैसे अनुभवी खिलाड़ी ने टीम का स्तर और बेहतर कर दिया है।
पुजारा ने बताया कि जेसन होल्डर ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों में अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा कि होल्डर ने जरूरी समय पर विकेट लिए, जिसमें श्रेयस अय्यर का अहम विकेट भी शामिल था। उन्होंने जियोस्टार पर कहा, 'जिस तरह से जेसन होल्डर ने इस टीम पर अपना असर डाला है, चाहे वह बल्ले से हो या गेंद से, वह बहुत शानदार रहा है। उन्होंने कई अहम विकेट लेने में योगदान दिया, जिसमें श्रेयस अय्यर का महत्वपूर्ण विकेट भी शामिल है।'
पुजारा ने आगे कहा कि होल्डर की खासियत यह है कि वह टीम में कई तरह की भूमिका निभा सकते हैं। उनकी मौजूदगी से टीम का संतुलन मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि गुजरात टाइटंस को मध्यक्रम की बल्लेबाजी को लेकर थोड़ी चिंता थी, लेकिन होल्डर नंबर 5, 6 या 7 पर कहीं भी बल्लेबाजी कर सकते हैं, जिससे टीम को मजबूती मिलती है।
अंगकृष रघुवंशी
- फोटो : PTI
रघुवंशी के प्रदर्शन को भी पुजारा ने सराहा
इस मैच से पहले केकेआर को युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने भी जीत दिलाई थी। उन्होंने 47 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 59 रन बनाए। रघुवंशी की तारीफ में पुजारा ने कहा कि उन्होंने अपनी उम्र से ज्यादा समझदारी दिखाते हुए टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, 'कुल मिलाकर, यह एक बेहतरीन प्रदर्शन था। जहां दूसरे खिलाड़ियों ने भी योगदान दिया, वहीं लक्ष्य का पीछा करने में अंगकृष ने सबसे अहम भूमिका निभाई। 47 गेंदों पर उनके बनाए 59 रनों ने टीम को वह स्थिरता दी जिसकी उस समय सबसे ज्यादा जरूरत थी।'
इस युवा खिलाड़ी के संयम और आत्मविश्वास की तारीफ करते हुए पुजारा ने कहा, 'उन्होंने जबरदस्त धैर्य और संयम दिखाया और एक 'एंकर' की भूमिका को पूरी तरह से निभाया। इस तरह के लगातार योगदान से लगता है कि केकेआर इस समय बहुत अच्छी लय में है।'