आईपीएल 2024 की खिताब विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को तगड़ा झटका लगा है। मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित ने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसकी जानकारी फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को दी। बता दें कि, चंद्रकांत पंडित की कोचिंग में केकेआर ने आईपीएल के 17वें सत्र (2024) का खिताब जीता था। खिताबी मैच में श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हराया था।
फ्रेंचाइजी ने दी जानकारी
केकेआर ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'चंद्रकांत पंडित ने नए अवसरों को तलाशने का निर्णय लिया है और अब कोलकाता नाइट राइडर्स के मुख्य कोच के रूप में आगे नहीं बढ़ेंगे। हम उनके अमूल्य योगदान के लिए आभारी हैं, जिनमें केकेआर को 2024 की टाटा आईपीएल चैंपियनशिप दिलाना और एक मजबूत टीम बनाना शामिल है। उनके नेतृत्व और अनुशासन ने टीम पर एक गहरा प्रभाव छोड़ा है। हम उन्हें भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं देते हैं।' चंद्रकांत पंडित को 2022 में केकेआर का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था।
आईपीएल 2025 में कैसा रहा केकेआर का सफर?
आईपीएल के 18वें सत्र में केकेआर का सफर कुछ खास नहीं रहा। सत्र की शुरुआत से पहले टीम ने श्रेयस अय्यर को रिलीज कर दिया था और अजिंक्य रहाणे को टीम की कमान सौंपी। इस संस्करण में फ्रेंचाइजी ने कुल 14 मुकाबले खेले, जिनमें उसे सिर्फ पांच मैचों में जीत मिली जबकि सात में केकेआर को हार का सामना करना पड़ा। आईपीएल 2025 में केकेआर आठवें स्थान पर रही।