पूर्व भारतीय गेंदबाजी कोच भरत अरुण जल्द ही लखनऊ सुपर जाएंट्स का हिस्सा बनेंगे। वह इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे और उन्होंने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दिया था। अब वह ऋषभ पंत के नेतृत्व वाली टीम को गेंदबाजी के गुर सिखाते नजर आएंगे।
जल्द होगी औपचारिक घोषणा
फ्रेंचाइजी के एक करीबी सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, 'अरुण एलएसजी में शामिल हो गए हैं और जल्द ही औपचारिक घोषणा होने की उम्मीद है।' अरुण पिछले कुछ साल से केकेआर से जुड़े थे लेकिन 2025 में टीम के आठवें स्थान पर रहने के बाद शाहरुख खान के स्वामित्व वाली यह फ्रेंचाइजी अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव कर रही है।
आईपीएल 2025 में सातवें स्थान पर रही लखनऊ की टीम
इसी तरह पिछले सत्र में सातवें स्थान पर रहने के बाद एलएसजी भी अपने सहयोगी स्टाफ में बदलाव कर रही है। राष्ट्रीय टीम के अब तक के सबसे बेहतरीन गेंदबाजी कोचों में से एक अरुण अपनी रणनीतिक कुशलता के साथ प्रतिभाशाली तेज गेंदबाजों को निखारने के लिए भी मशहूर हैं।
जहीर खान पर भी जल्द होगा फैसला
एलएसजी अपने 'मेंटर' जहीर खान के साथ अनुबंध बढ़ाएगी या नहीं, इसकी जानकारी का भी इंतजार है। पूर्व भारतीय दिग्गज का अनुबंध एक साल का था। यही बात मुख्य कोच जस्टिन लैंगर के लिए भी लागू है जो पिछले दो सत्र से टीम के साथ जुड़े हुए हैं।