आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा है कि आईपीएल जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अभी तक के अपडेट्स के मुताबिक लीग जारी रहेगी। दरअसल, पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच गुरुवार को धर्मशाला में आईपीएल मैच सुरक्षा कारणों से बीच में ही रद्द कर दिया गया। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, आसपास के इलाकों में हवाई हमले की चेतावनी दी गई थी जिससे शहर में ब्लैकआउट कर दिया गया। तब पंजाब की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 10.1 ओवर में एक विकेट पर 122 रन बना चुकी थी। तभी लाइटें चली गईं। हालांकि, तब इसका कारण फ्लडलाइट की खराबी बताया गया था।
आज रात के मैच के रद्द होने के बाद लीग को लेकर अलग-अलग अपडेट्स आ रही थीं। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने कहा था कि इस लीग के बाकी बचे मैचों पर संशय था। पीटीआई के मुताबिक, लीग में भाग लेने वाले विदेशी खिलाड़ियों ने सुरक्षा चिंता जाहिर की थी। इस पर बीसीसीआई ने बैठक की। बैठक के बाद अरुण धूमल ने मीडिया से बातचीत की।
शुक्रवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच लखनऊ में होने वाला आईपीएल मैच के होने के बारे में पूछे जाने पर धूमल ने कहा कि 'फिलहाल यह मैच जारी है, लेकिन स्थिति अभी भी बदल रही है। सभी हितधारकों के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा।'
भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा के गढ़ शामिल हैं। ये हमले 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले के जवाब में किए गए जिसमें 26 लोग मारे गए थे। भारत ने इसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया था।
गुरुवार को हवाई हमले की चेतावनी और जम्मू में विस्फोट जैसी आवाजों की खबरों के बीच पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, जालंधर, होशियारपुर, मोहाली और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ समेत कई जिलों में ‘ब्लैकआउट’ कर दिया गया। पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल मैच बीच में ही रद्द कर दिया गया। बीसीसीआई के पास इसे दक्षिण के राज्यों में कराने का विकल्प भी है। भारत की पश्चिमी सीमा पर पाकिस्तान की ओर से किए गए ड्रोन हमलों को भारतीय सशस्त्र बलों ने प्रभावी ढंग से नाकाम कर दिया है। वहीं बड़ी खबर यह भी सामने आई है कि भारतीय सुरक्षा बलों ने एक पाकिस्तानी पायलट को जिंदा पकड़ लिया है।