भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने आईपीएल 2025 के फाइनल पर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि खिताबी मैच का आयोजन ईडन गार्डंस में हो सकता है। भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के कारण बीसीसीआई ने आईपीएल को एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया था। इसका फाइनल पहले 25 मई को कोलकाता में खेला जाना था लेकिन बोर्ड ने संशोधित कार्यक्रम में तीन जून को खेले जाने वाले फाइनल के स्थल की जानकारी नहीं दी है।
ईडन गार्डंस में होगा फाइनल?
गांगुली से जब पूछा गया कि क्या कोलकाता मूल कार्यक्रम के अनुसार ही फाइनल मैच की मेजबानी करेगा तो बीसीसीआई और सीएबी के पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, हम कोशिश कर रहे हैं। क्या फाइनल को स्थानांतरित करना इतना आसान है? यह ईडन का प्लेऑफ है, और मुझे यकीन है कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। मुझे उम्मीद है।
इस दौरान गांगुली ने प्लेऑफ स्थलों को तय करने में देरी पर भी बात की। उन्होंने कहा, कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस मैदान पर अपने लीग मैच समाप्त कर लिए हैं, इसलिए ईडन पहली सूची में नहीं है।
बीसीसीआई ने साध रखी चुप्पी
ईडन गार्डन को 2024 सत्र में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिताब जीतने के कारण इस सत्र के फाइनल के मेजबानी का अधिकार मिला था। इस स्थल ने मौजूदा सत्र के उद्घाटन मैच की भी मेजबानी की थी। आईपीएल के मूल कार्यक्रम के अनुसार ईडन गार्डंस को 23 मई को क्वालिफायर दो और 25 मई को फाइनल की मेजबानी करनी थी। बीसीसीआई ने हालांकि फाइनल के लिए नए स्थल के बारे में चुप्पी साध रखी है, जिससे अटकलों को और बल मिला है। इस प्रस्तावित बदलाव के पीछे का कारण मौसम का पूर्वानुमान है, क्योंकि उस इस शहर में समय दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत होती है।
विराट के संन्यास पर क्या बोले गांगुली?
भारत में टेस्ट क्रिकेट को हाल ही में दोहरा झटका लगा जब कप्तान रोहित शर्मा और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने खेल के पारंपरिक प्रारूप से संन्यास ले लिया। गांगुली ने खासकर कोहली के फैसले पर आश्चर्य व्यक्त किया और दोनों खिलाड़ियों को उनके शानदार करियर के लिए बधाई दी। गांगुली ने कहा, यह उनका अपना फैसला है। क्या कोई अपनी इच्छा के बिना खेल छोड़ सकता है? लेकिन यह एक शानदार करियर रहा है और रोहित शर्मा के लिए भी यही बात लागू होती है। कोहली के संन्यास ने मुझे चौंका दिया है।
रोहित के बाद किसे मिलेगी भारतीय टीम की कप्तानी?
रोहित ने सबसे पहले लाल गेंद के करियर को अलविदा कहा और कुछ दिनों बाद कोहली ने भी ऐसा ही किया, जिससे टीम में एक बड़ा खालीपन आ गया। गांगुली ने चयनकर्ताओं से टीम के अगले कप्तान के चयन में सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा, यह एक ऐसा फैसला है जिस पर चयनकर्ताओं को सावधानी से विचार करना चाहिए। इसके कई फायदे और नुकसान हैं। उन्हें लंबे समय के बारे में सोचना होगा।