रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने विराट कोहली और फिल सॉल्ट के अर्धशतकों की मदद से राजस्थान रॉयल्स को नौ विकेट से हराया। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 173 रन बनाए थे। जवाब में आरसीबी ने 17.3 ओवर में एक विकेट पर 175 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस मैच के बाद राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने कहा कि उन्होंने पावरप्ले में ही मुकाबला गंवा दिया था।
कोहली और सॉल्ट के तूफान में उड़ा राजस्थान
आरसीबी के लिए सॉल्ट ने 33 गेंदों पर पांच चौकों और छह छक्कों की मदद से 65 रन बनाए, जबकि कोहली 45 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों के सहारे 62 रन बनाकर नाबाद लौटे। इनके अलावा इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे देवदत्त पडिक्कल ने 28 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 40 रन बनाए। टीम की लगातार दूसरी हार के बाद सैमसन ने कहा- धीमे विकेट पर टॉस हारने के बाद 170 रन के आसपास का स्कोर वाकई अच्छा स्कोर था। पावरप्ले में बल्लेबाजी करना मुश्किल था।
ग्रीन जर्सी में पांचवीं जीत
आरसीबी इस मुकाबले में हरी जर्सी पहनकर उतरी थी।यह टीम हर सीजन कम से कम एक मैच हरी जर्सी में खेलती है। दरअसल, बेंगलुरु की टीम पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए हरे रंग की जर्सी पहनकर खेलती है। आरसीबी के लिए ग्रीन जर्सी में रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है, लेकिन राजस्थान के खिलाफ वह जीत दर्ज करने में सफल रही। आरसीबी की ग्रीन जर्सी में यह पांचवीं जीत है। उसने ग्रीन जर्सी पहनते हुए दो बार राजस्थान को हराया है।
सैमसन ने आगे कहा- मुझे पता था कि सॉल्ट और कोहली हमें कड़ी टक्कर देंगे। उन्होंने पावरप्ले में ही मैच जीत लिया। इस दौरान राजस्थान के विकेटकीपर बल्लेबाज ने अपने खिलाड़ियों द्वारा फील्डिंग के दौरान हुई गलती पर भी बात की। उन्होंने कहा- उन्होंने (आरसीबी के खिलाड़ियों ने) हमारे कैच भी छोड़े, हमने भी उनके कैच छोड़े। यह ठीक है, उन्होंने बेहतर बल्लेबाजी की। आरसीबी को श्रेय देना होगा, उनका इरादा बेहतर था। कहना होगा कि टॉस ने मदद की। मैं इस मैच को 19वें या 20वें ओवर तक ले जाना पसंद करता।
अंक तालिका में हुआ बदलाव
आरसीबी की जीत से अंक तालिका में बदलाव हुआ है और गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम पांचवें स्थान पर खिसक गई है। आरसीबी छह मैचों में चार जीत और दो हार के साथ आठ अंक लेकर तीसरे स्थान पर आ गई है, जबकि राजस्थान ने भी छह मैच खेले हैं और वह दो जीत, चार हार के साथ चार अंक लेकर सातवें स्थान पर आ गई है।
पाटीदार ने की कोहली की तारीफ
मुकाबले के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने विराट कोहली के योगदान की तारीफ की। उन्होंने कहा कि विराट ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करके इसे एकतरफा मुकाबला बना दिया। उन्होंने कहा- विकेट बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं था, हमने 150-170 का लक्ष्य रखा था। डगआउट से बल्लेबाजी करते हुए सॉल्ट को खेलते हुए देखना आनंददायक था। वीके (कोहली) भाई ने जिस तरह से स्ट्राइक रोटेट की, यह काफी विशेष था। हम ऐसी टीम नहीं हैं जो पिच देखती है, हम सकारात्मक और अच्छा क्रिकेट खेलना चाहते हैं।