श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली पंजाब किंग्स की टीम अपने पहले आईपीएल खिताब से एक कदम दूर है। पंजाब ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया है और वह ग्रुप चरण में शीर्ष पर रहते हुए प्लेऑफ में पहुंची थी। हालांकि, टीम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से क्वालिफायर-1 मुकाबले में हार मिली थी, लेकिन शीर्ष पर रहने के कारण उसे फाइनल में पहुंचने के लिए दूसरा मौका मिला था। पंजाब ने फिर क्वालिफायर-2 में मुंबई इंडियंस को हराकर खिताबी मैच में प्रवेश किया।
पोंटिंग और श्रेयस की जुगलबंदी
नए कोच रिकी पोंटिंग और कप्तान श्रेयस की जोड़ी ने पंजाब में ऐसा दम भरा कि टीम लीग दौर में शीर्ष पर रहकर प्लेऑफ में पहुंची। हालांकि, फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मनोवैज्ञानिक लाभ के साथ उतरेगी, क्योंकि क्वालिफायर-1 में उसने पंजाब को महज 101 रन पर समेटते हुए आठ विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन यह मुकाबला नया होगा और जोश भी चरम पर होगा। इसका उदाहरण पंजाब के जांबाजों ने मुंबई इंडियंस को पांच विकेट से पटखनी देकर दे दिया है।
क्वालिफायर-1 में बल्लेबाजी रही थी खराब
पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी क्वालिफायर-1 में आरसीबी के खिलाफ बेहद खराब रही थी और टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी थी। आरसीबी के गेंदबाजों ने पंजाब की टीम को 14.1 ओवर में 101 रन पर ऑलआउट कर दिया और 10 ओवर में ही आठ विकेट शेष रहते हुए जीत दर्ज की थी। मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर का एक बयान काफी चर्चा में रहा था। क्वालिफायर-1 मैच के बाद श्रेयस ने कहा था कि हम लड़ाई हारे हैं, जंग नहीं। उनका संकेत साफ था कि टीम क्वालिफायर-2 से वापसी करेगी और हुआ भी ऐसा ही। खुद श्रेयस ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया और नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाई।
ये भी पढ़ें: IPL Final 2025: सॉल्ट-कोहली की साझेदारी से लेकर हेजलवुड की गेंदबाजी तक, इस सीजन आरसीबी के दबदबे की छह वजह
पंजाब को पहले खिताब का इंतजार
पंजाब किंग्स ने अब तक कभी भी आईपीएल का खिताब नहीं जीता है। ये दूसरी बार है जब पंजाब की टीम आईपीएल के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले उसने 2014 में खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया था, लेकिन तब टीम को केकेआर से हार मिली थी। पंजाब अगर खिताब अपने नाम करती है तो वह क्वालिफायर-1 हारने के बावजूद ट्रॉफी अपने नाम करने वाली दूसरी टीम बन जाएगी। अब तक सिर्फ मुंबई इंडियंस ने दो बार ऐसा किया है। 2013 और 2017 में क्वालिफायर-1 हारने वाली टीम मुंबई ने खिताब पर कब्जा किया था। ऐसे में पंजाब की टीम भी कमाल दिखा सकती है।