आईपीएल 2025 के लिए प्लेऑफ की चार टीमें तय हो गई हैं। आरसीबी ने 10वीं बार प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया। रजत पाटीदार के नेतृत्व में टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। टीम के विदेशी खिलाड़ियों ने भी अब तक अच्छा प्रदर्शन किया और प्लेऑफ में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। हालांकि, प्लेऑफ से पहले टीम को बड़ा झटका लगा है। प्लेऑफ के दौरान एक विदेशी स्टार का वापस जाना तय हो चुका है और आरसीबी ने उसके रिप्लेसमेंट की भी घोषणा कर दी है।
बेथेल की जगह सिफर्ट टीम में
दरअसल, आरसीबी ने गुरुवार को इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर जैकब बेथेल की जगह न्यूजीलैंड के टिम सिफर्ट को शामिल किया है। बेथेल राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण आईपीएल प्लेऑफ के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। बीसीसीआई ने एक बयान में कहा कि यह बदलाव 24 मई से प्रभावी होगा। न्यूजीलैंड के लिए 66 टी20 मैचों में 1540 रन बनाने वाले सिफर्ट ने इससे पहले आईपीएल में केवल तीन मैच खेले हैं और आखिरी बार 2022 में टूर्नामेंट में शामिल हुए थे। वह दो करोड़ रुपये में आरसीबी से जुड़ेंगे।
इंग्लैंड रवाना होंगे बेथेल
बयान में कहा गया है, 'रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने टिम सिफर्ट से करार किया है क्योंकि जैकब बेथेल 23 मई 2025 को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आरसीबी के लीग चरण के मैच के बाद राष्ट्रीय टीम में शामिल होने के लिए 24 मई 2025 को टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 से इंग्लैंड के लिए रवाना होंगे।'
आरसीबी शुक्रवार को सनराइजर्स से भिड़ेगी
बेथेल का आरसीबी के साथ आखिरी मैच शुक्रवार को होगा जब टीम सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी। उनका अंतिम लीग मैच 27 मई को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ होगा। पंजाब किंग्स, गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में जगह बनाने वाली अन्य टीमें हैं। गुजरात टाइटंस का प्रतिनिधित्व करने वाले जोस बटलर भी प्लेऑफ में नहीं खेलेंगे क्योंकि वह इंग्लैंड की वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज में खेलेंगे। आरसीबी ने अब तक 12 में से आठ मैच जीते हैं और तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच बेनतीजा रहा है। आरसीबी के 17 अंक हैं।