आईपीएल 2025 के लिए मेगा नीलामी का आयोजन 24 और 25 नवंबर को होना है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही तीन खिलाड़ियों को रिटेन कर चुकी है। इनमें विराट कोहली (21 करोड़), रजत पाटीदार (11 करोड़) और यश दयाल (01 करोड़) शामिल हैं। मेगा नीलामी से पहले दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर एब डीविलियर्स ने आरसीबी को खास सलाह दी है। उन्होंने फ्रेंचाइजी को चार खिलाड़ियों के नाम सुझाए हैं, जिनको अपनी टीम में शामिल करने के बाद बेंगलुरु का खिताब जीतने का सपना पूरा हो सकता है।
अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने के लिए आरसीबी को करना होगा ये काम
मेगा नीलामी में आरसीबी 83 करोड़ का पर्स और तीन राइट टू मैच (आरटीएम) कार्ड लेकर उतरेगी। इस दौरान फ्रेंचाइजी बड़े खिलाड़ियों पर बोली लगाएगी। इससे पहले एबी डिविलियर्स ने फ्रेंचाइजी को चार खिलाड़ियों को खरीदने की सलाह दी है। डिविलियर्स के मुताबिक, आरसीबी मेगा नीलामी में युजवेंद्र चहल, रविचंद्रन अश्विन, कगिसो रबाडा और भुवनेश्वर कुमार पर बोली लगा सकती है। उनका मानना है कि अगर टीम को अपना पहला आईपीएल खिताब जीतना है तो ये खिलाड़ी उनकी मदद कर सकते हैं।
पूर्व खिलाड़ी ने सुझाए चार नाम
डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा- अच्छी खबर यह है कि हमारे पास अभी भी विराट है। हमने रिटेंशन पर बहुत ज्यादा पैसे खर्च नहीं किए। मैं चाहता हूं कि विश्व स्तरीय स्पिनर को प्राथमिकता दी जाए। चलो युजी (युजवेंद्र चहल) को वापस लाते हैं। उसे कभी नहीं जाना चाहिए था। आरसीबी रविचंद्रन अश्विन को भी ले सकती है, मुझे वाशिंगटन सुंदर भी पसंद है। लेकिन अश्विन के साथ बल्लेबाजी का विकल्प भी मिलता है। वह आपको दोनों मैच जिताने का माद्दा रखते हैं। ये ऐसे लोग हैं जो अपने खेल को अच्छी तरह जानते हैं। मुझे इस बात पर बहुत खुशी होगी। वैसे भी, युजी चहल मेरी मुख्य प्राथमिकता है। बता दें कि, चहल पहले भी आरसीबी का हिस्सा थे। वह 2014 से 2021 तक इसी टीम के लिए खेलते थे। उनके नाम आईपीएल में 200 विकेट चटकाने का रिकॉर्ड दर्ज है। वह ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज हैं।
रिटेंशन लिस्ट में नहीं था अश्विन और चहल का नाम
हाल ही में राजस्थान रॉयल्स ने अपने दिग्गज स्पिनर्स रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल को रिलीज किया था। अब दोनों मेगा नीलामी में अपनी किस्मत आजमाएंगे। आरआर पहले ही अपने छह खिलाड़ी रिटेन कर चुकी है और उनके पास एक भी राइट टू मैच कार्ड शेष नहीं है। ऐसे में इन दोनों की टीम में वापसी बहुत मुश्किल है।