भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव खत्म होने के बाद गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों ने रविवार को अभ्यास शुरू कर दिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम के सभी सदस्यों ने अभ्यास किया। हालांकि, जोस बटलर और गेराल्ड कोएत्जी मैदान पर नहीं दिखे। बता दें कि, आईपीएल का मौजूदा सत्र खिलाड़ियों की सुरक्षा के एहतियात की वजह से एक हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया गया था।
गुजरात ने शुरू किया अभ्यास
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गुजरात टाइटंस की टीम रविवार की शाम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंची। इस विषय में बात करते हुए एक अधिकारी ने कहा- हां, हमने अभ्यास शुरू कर दिया है। खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में हैं और हम खेलने के लिए तैयार हैं। इस रिपोर्ट में आगे कहा गया कि इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी नहीं पहुंचे। अधिकारी ने आगे कहा- हमारी पूरी टीम वहीं रुकी रही। केवल जोस और गेराल्ड नहीं आए लेकिन वे जरूरत पड़ने पर वापस आएंगे।
आईपीएल 2025 में खेले जा चुके हैं 58 मैच
आईपीएल 2025 का सीजन अपने आखिरी चरण में चल रहा था। इस सीजन अब तक कुल 58 मुकाबले खेले जा चुके थे जिसमें पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच गुरुवार को रद्द हुआ मैच भी शामिल है। आईपीएल के 18वें सीजन में फाइनल सहित अब कुल 16 मुकाबले शेष थे। ग्रुप चरण का अंतिम मैच 18 मई को होना था। 20 मई से प्लेऑफ चरण की शुरुआत होनी थी और 25 मई को ईडेन गार्डेंस पर खिताबी मुकाबला खेला जाना था।
तालिका में फिलहाल शीर्ष पर है गुजरात
चेन्नई सुपरकिंग्स, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही प्ले ऑफ की दौड़ से बाहर हो चुके हैं और चार प्लेऑफ स्थान के लिए सात टीम दावेदार हैं। आईपीएल 2025 सीजन स्थगित होने तक गुजरात टाइटंस की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर थी। गुजरात 11 मैचों में आठ जीत और तीन हार के साथ 16 अंक लेकर पहले स्थान पर थी। दूसरे नंबर पर आरसीबी की टीम थी जिसके इतने ही मैचों में गुजरात के समान अंक है। तीसरे स्थान पर पंजाब थी, जबकि चौथे पर मुंबई इंडियंस थी।