दिल्ली कैपिटल्स की टीम और बीच में मुकेश कुमार
- फोटो : ANI
आईपीएल 2025 में बुधवार को मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की। हार के साथ-साथ दिल्ली के एक खिलाड़ी पर आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में भारी जुर्माना लगा है। दिल्ली के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
मुकेश को अनुच्छेद 2.2 के अंर्तगत लेवल एक के उल्लघंन के लिए एक डिमेरिट अंक भी दिया गया जो मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या कपड़े, मैदानी उपकरण या फिक्स्चर और फिटिंग के दुरुपयोग से संबंधित है। दिल्ली कैपिटल्स बुधवार को वानखेड़े में मुंबई इंडियंस से 59 रन से हारकर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। मुंबई इंडियंस इस जीत से प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली चौथी टीम बनी। इससे पहले गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स क्वालिफाई कर चुकी है।
आईपीएल की एक विज्ञप्ति में कहा गया, 'मुकेश कुमार ने अनुच्छेद 2.2 के लेवल एक के उल्लघंन को और मैच रेफरी का जुर्माना स्वीकार कर लिया है।' इसके मुताबिक, 'आचार संहिता के लेवल एक उल्लंघन के लिए मैच रेफरी का फैसला मान्य होता है।' मुकेश ने बुधवार को अपने चार ओवरों में 48 रन दिए और दो विकेट लिए। उनके आखिरी ओवर में तीन छक्के और दो चौकों से 27 रन बने।
'दिल्ली कैपिटल्स की चिंता सलामी जोड़ी को लेकर रही'
इससे पहले दिल्ली की हार के बाद मुख्य कोच हेमंग बदानी ने कहा कि पूरे सत्र में सलामी जोड़ी नहीं ढूंढ पाना ही टीम की विफलता का एक कारण रहा। दिल्ली कैपिटल्स ने 13 मैच में सात सलामी जोड़ी को आजमाया, लेकिन कोई खास सफलता नहीं मिली और अब टीम शनिवार को अपने आखिरी मैच में पंजाब किंग्स से भिड़ेगी।
बदानी ने कहा, 'एक अच्छी सलामी जोड़ी तभी मिलती है जब वह आपको अच्छी शुरुआत दे। अगर आपको शुरुआत नहीं मिलती है, तो आपको उस कमी को पूरा करने के लिए बदलाव करने होते हैं। अगर आप दूसरी टीमें देखें कि जिन्होंने शानदार शुरुआत की है और पावरप्ले में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है। लेकिन हम वैसी शुरुआत नहीं कर पाए और इसलिए हमें वे बदलाव करने पड़े।'
बदानी ने कहा, 'हमारे पास पहले जैक (फ्रेजर-मैकगुर्क) थे लेकिन हमारे लिए यह कारगर नहीं रहा। अभिषेक (पोरल), पास फाफ (डुप्लेसी) थे, फिर करुण (नायर) भी थे। यह सिर्फ इतना है कि हमारे पास कोई ऐसा नहीं था जो हमें अच्छी शुरुआत कराए। शीर्ष स्थान पर हमारे लिए पारी का आगाज करना चिंता का विषय था और मुझे लगता है कि यही एक कारण है कि हम आगे नहीं बढ़ पाए।'