फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs MI: मुंबई ने रोका दिल्ली का विजय रथ, आईपीएल में दूसरी बार एक ओवर में तीन रनआउट हुए; अंक तालिका का हाल

Sun, 13 Apr 2025 11:43 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने तिलक वर्मा की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 205 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 19वें ओवर में 193 रन पर ऑलआउट हो गई। उनके तीन बल्लेबाज 19वें ओवर की आखिरी तीन में रनआउट हो गए। मौजूदा सत्र में यह दिल्ली की पहली शिकस्त है।
विज्ञापन
मुंबई बनाम दिल्ली - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 12 रन से हराकर जीत की पटरी पर वापसी कर ली है। रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने तिलक वर्मा की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 205 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 19वें ओवर में 193 रन पर ऑलआउट हो गई। उनके तीन बल्लेबाज 19वें ओवर की आखिरी तीन में रनआउट हो गए। आईपीएल में ऐसा दूसरी बार हुआ है जब एक ओवर में तीन रनआउट हुए हैं। इससे पहले 2008 में मुंबई के तीन बल्लेबाज आखिरी ओवर में रनआउट हुए थे।
विज्ञापन

शीर्ष से लुढ़की दिल्ली
मौजूदा सत्र में यह दिल्ली की पहली शिकस्त है। अबतक खेले पांच मुकाबलों में दिल्ली ने चार में जीत और एक मैच में हार दर्ज की है। इसी के साथ अक्षर पटेल की टीम अंक तालिका में दूसरे पायदान पर खिसक गई। वहीं, मुंबई छह मैचों में दूसरी जीत के साथ सातवें पायदान पर पहुंच गई। शीर्ष पर गुजरात टाइटंस है।

आईपीएल 2025 की अंक तालिका
टीम मैच जीत हार अंक नेट रन रेट
गुजरात टाइटंस 6 4 2 8 1.081
दिल्ली कैपिटल्स 5 4 1 8 0.899
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 6 4 2 8 0.672
लखनऊ सुपर जाएंट्स 6 4 2 8 0.162
कोलकाता नाइट राइडर्स 6 3 3 6 0.803
पंजाब किंग्स 5 3 2 6 0.065
मुंबई इंडियंस 6 2 4 4 0.104
राजस्थान रॉयल्स 6 2 4 4 -0.838
सनराइजर्स हैदराबाद 6 2 4 4 -1.245
चेन्नई सुपर किंग्स 6 1 5 2 -1.554

दिल्ली की पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को पहले ओवर की पहली ही गेंद पर दीपक चाहर ने तगड़ा झटका दिया था। उन्होंने जेक फ्रेजर मैकगर्क को विल जैक्स के हाथों कैच कराया। इसके बाद मोर्चा अभिषेक पोरेल और करुण नायर ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी हुई। कर्ण शर्मा ने पोरेल को अपना शिकार बनाया। वह 25 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, सेंटनर ने करुण नायर को बोल्ड किया। उन्होंने 40 गेंदों में 12 चौके और पांच छक्के की मदद से 89 रन बनाए। दिल्ली के लिए केएल राहुल ने 15, अक्षर पटेल ने नौ, स्टब्स ने एक, आशुतोष शर्मा ने 17, विप्रज निगम ने 14, कुलदीप यादव ने एक रन बनाया। वहीं, मोहित शर्मा बिना खाता खोले आउट हुए जबकि मिचेल स्टार्क एक रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए कर्ण शर्मा ने तीन जबकि मिचेल सेंटनर ने दो विकेट झटके। वहीं, दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह को एक-एक सफलता मिली।
विज्ञापन

मुंबई की पारी
इस मैच में मुंबई की शुरुआत अच्छी हुई। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन के बीच पहले विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी हुई जिसे विप्रज निगम ने तोड़ा। उन्होंने हिटमैन को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ 18 रन बना सके। हालांकि, यह इस सत्र का उनका सबसे बड़ा स्कोर है। इसके बाद मोर्चा सूर्यकुमार यादव ने संभाला। उन्होंने रेयान के साथ दूसरे विकेट के लिए 28 और तीसरे विकेट के लिए तिलक वर्मा के साथ 60 रनों की साझेदारी की। सूर्यकुमार ने पांच चौके और दो छक्के की मदद से 40 रन बनाए जबकि रेयान ने 41 और तिलक ने 59 रनों की दमदार पारी खेली। दिल्ली के खिलाफ हार्दिक पांड्या सिर्फ दो रन बना सके। वहीं, नमन धीर 38 और विल जैक्स एक रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान दिल्ली के लिए कुलदीप यादव और विप्रज निगम ने दो-दो विकेट झटके जबकि मुकेश कुमार को एक सफलता मिली।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें