कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच बुधवार को ईडेन गार्डंस में रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच में चेन्नई ने गत विजेता केकेआर को दो विकेट से हराकर उनकी प्लेऑफ की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया। मैच के दौरान बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) को बम के धमाके की धमकी मिली, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
कैब को ईमेल पर मिली थी धमकी
मैच से पहले एक अज्ञात ईमेल आईडी से कैब के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भेजी गई। इसके बाद कैब ने कोलकाता पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने ईडेन गार्डंस की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इस मामले पर कैब अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली ने कहा, 'हमें दोपहर में बम की धमकी वाला ईमेल मिला जिसके बाद हमने कोलकाता पुलिस को सूचित किया। स्टेडियम के अंदर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ईमेल कैब के आधिकारिक ईमेल अकाउंट में आया। जांच शुरू कर दी गई है और स्टेडियम में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।' धमकी के बावजूद मैच बिना किसी व्यवधान के जारी रहा और माहौल खुशनुमा रहा।