भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल की सभी टीमों को निर्देश दिए हैं कि वे दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेटरों को 26 मई तक रिलीज कर दें। ये खिलाड़ी आईपीएल प्लेऑफ में नहीं खेल पाएंगे बल्कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में खेलते हुए नजर आएंगे। इसके अलावा बीसीसीआई ने यह भी स्पष्ट किया है कि वेस्टइंडीज के खिलाड़ी आईपीएल के बचे हुए मैचों में खेलेंगे।
आईपीएल की नई तारीख से खिलाड़ियों को हो रही दिक्कत
दरअसल, भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम की घोषणा के बाद आईपीएल को 17 मई से फिर से शुरू करने का फैसला किया गया जबकि फाइनल अब तीन जून को होगा जिसे 25 मई को आयोजित होना था। इससे दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं में टकराव हुआ। बीसीसीआई ने खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर सीएसए (दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट) सहित विदेशी बोर्डों के साथ बातचीत की। पर दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट संस्था ने 11 जून से लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाले डब्ल्यूटीसी फाइनल के मद्देनजर नरमी नहीं दिखाई।
बीसीसीआई ने दिया टीमों को निर्देश
दक्षिण अफ्रीका की टीम को 31 मई को ब्रिटेन जाना है जबकि प्लेऑफ 29 मई से शुरू होंगे। और इसी तारीख से वेस्टइंडीज के खिलाफ इंग्लैंड की घरेलू सफेद गेंद की सीरीज भी शुरू होगी। बीसीसीआई ने टीमों को एक आधिकारिक संदेश में बताया, 'दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों को सोमवार 26 मई तक दक्षिण अफ्रीका लौटना ही होगा। वेस्टइंडीज के खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट के दौरान उपलब्ध रहेंगे।'
ये खिलाड़ी रहेंगे अनुपलब्ध
ट्रिस्टन स्टब्स (दिल्ली कैपिटल्स), वियान मुल्डर (सनराइजर्स हैदराबाद), कगिसो रबाडा (गुजरात टाइटन्स), कॉर्बिन बॉश (मुंबई इंडियंस), रेयान रिकल्टन (मुंबई इंडियंस), मार्को यानसेन (पंजाब किंग्स), लुंगी एनगिडी (आरसीबी), एडेन मारक्रम (लखनऊ सुपर जाएंट्स) सहित आठ दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों की अनुपस्थिति उन टीमों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है जो प्लेऑफ की दौड़ में हैं।