आईपीएल 2025 के लिए मेगा नीलामी पूरी हो गई। भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अपेक्षा के अनुरूप इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने रविवार को मेगा नीलामी में 27 करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि केकेआर को इस साल खिताब दिलाने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर 26 करोड़ 75 लाख रुपये में पंजाब किंग्स से जुड़े।
दो दिन तक चली इस मेगा नीलामी में कुल 577 खिलाड़ी शामिल थे जिनमें से 182 खिलाड़ी बिके, जबकि 395 खिलाड़ियों के लिए किसी ने बोली नहीं लगाई। सभी 10 फ्रेंचाइजी ने मिलाकर इस नीलामी में 639.15 करोड़ रुपये खर्च किए। मेगा नीलामी के दूसरे दिन भारतीय तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहा जिसमें भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर और मुकेश कुमार के लिए बड़ी बोली लगी। आरसीबी ने भुवनेश्वर को 10.75 करोड़ रुपये, मुंबई इंडियंस ने दीपक चाहर को 9.25 करोड़ रुपये और मुकेश कुमार को दिल्ली कैपिटल्स ने आठ करोड़ रुपये में खरीदा।
संबंधित वीडियो
पंत के लिए सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ के बीच जमकर होड़ लगी। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले 20 करोड़ 75 लाख रुपये पर राइट टू मैच का इस्तेमाल किया, लेकिन लखनऊ ने आखिरी बोली 27 करोड़ रुपये की लगाई तो दिल्ली टीम पीछे हट गई। अय्यर को पंजाब किंग्स ने 26 करोड़ 75 लाख रुपये में खरीदा। दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब के बीच अय्यर को लेकर काफी समय तक होड़ रही लेकिन आखिर में पंजाब ने बाजी मारी। अय्यर ने आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा था जिन्हें पिछली नीलामी में केकेआर ने 24 करोड़ 75 लाख रुपये में खरीदा था।