अभिषेक शर्मा ने कहा कि वह लक्ष्य का पीछा करते समय पावरप्ले का अच्छा इस्तेमाल करना चाहते थे। इस पारी से सनराइजर्स ने जीत के लिए मिले 206 रन के लक्ष्य को 10 गेंद शेष रहते चार विकेट गंवा कर जीत लिया। अभिषेक ने पुरस्कार समारोह में कहा, 'अगर हम पहले बल्लेबाजी करते तो मेरी योजना कुछ और होती। जब आप 200 से ज़्यादा रन का पीछा कर रहे होते हैं तो मुझे ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।'
उन्होंने कहा, 'अथर्व और मेरे बीच बातचीत हुई कि हम शुरुआती ओवर में संभल कर खेलने के बाद आक्रामक रुख अपनाएंगे। आप अगर किसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी से पूछेंगे, तो वे कहेंगे कि लक्ष्य का पीछा करते समय आपको पावरप्ले को अपने पक्ष में करना चाहिए।' अपनी पारी में छह छक्के और चार चौके लगाने वाले इस वामहस्त बल्लेबाज ने कहा, 'मैं समझता हूं कि अगर मै अच्छा प्रदर्शन करूंगा तो टीम भी अच्छा प्रदर्शन करेगी। एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के तौर पर आपको जिम्मेदारी लेनी होती है।'
सोमवार को खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 205 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद ने 18.2 ओवर में चार विकेट गंवाकर 206 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनके लिए अभिषेक शर्मा ने सर्वाधिक 59 रन बनाए। वहीं, लखनऊ के लिए दिग्वेश राठी ने दो विकेट लिए जबकि विलियम ओरुर्के और शार्दुल ठाकुर को एक-एक सफलता मिली।