रायुडू ने कहा- जब आखिरी दो गेंदों पर 10 रन की जरूरत थी, तब डगआउट में हम सब अपने अपने भगवान को याद कर रहे थे। आखिरी में यह फेयरी टेल एंडिंग हुई। मैं इससे ज्यादा कुछ और नहीं मांग सकता था। यह अविश्वसनीय है। मैं सचमुच भाग्यशाली हूं कि इस लीग में मैंने कुछ बेहतरीन टीमों से खेला। यह जीत कुछ ऐसी है जिसे मैं अपने पूरे जीवन के लिए याद रखूंगा।
रायुडू ने कहा- पिछले 30 वर्षों में अपनी कड़ी मेहनत के लिए मैं खुश हूं कि मेरे करियर इस नोट पर समाप्त हो गया। मैं इस पल में अपने परिवार और अपने पिता को धन्यवाद देना चाहता हूं। उनके बिना मैं आज यहां नहीं होता। जब हम मैच जीत गए तो धोनी ने मुझसे कहा कि ये जो तुमने शॉट खेले हैं, बूढ़े होने के बाद भी इसे याद करोगे।
धोनी ने भी मैच के बाद रायुडू की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा- रायडू की खास बात यह है कि जब वह मैदान पर होते हैं तो हमेशा अपना 100 प्रतिशत देते हैं। लेकिन टीम में उनके होने से मैं फेयरप्ले अवार्ड कभी नहीं जीत पाऊंगा। वह हमेशा किसी ने किसी प्रकार से योगदान देना चाहते हैं। वह अपने पूरे करियर में एक शानदार क्रिकेटर रहे हैं। मैं भारत-ए के दौरे के बाद से लंबे समय से उनके साथ खेल रहा हूं। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो स्पिन और तेज गेंदबाज दोनों को समान रूप से खेल सकते हैं। यह वास्तव में कुछ खास है। मुझे लगा कि वह वास्तव में कुछ खास करेंगे। मैं उनके लिए बहुत खुश हूं। यह मैच ऐसा है जिसे वह हमेशा याद रखेंगे। वह भी मेरी तरह हैं और उन लोगों में से हैं जो ज्यादा फोन का इस्तेमाल नहीं करते हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि उनका करियर शानदार रहा है और मुझे उम्मीद है कि वह अपने जीवन के अगले चरण का लुत्फ उठाएंगे।