चेन्नई सुपर किंग्स ने पांचवीं बार आईपीएल का खिताब जीत लिया है। गुजरात के खिलाफ फाइनल में कई रोमांचक पल देखने को मिले। कभी लगा कि मैच गुजरात की पकड़ में है तो कभी चेन्नई ने बढ़त बनाई। हालांकि, अंत में सीएसके की जीत हुई। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 214 रन बनाए थे। डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर चेन्नई को 15 ओवर में 171 रन का लक्ष्य मिला। 15वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर चेन्नई को जीत के लिए 10 रन की जरूरत थी। जड़ेजा ने मोहित शर्मा के ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर जीत दिलाई।
जीत के बाद विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर धोनी को बधाई दी और रवींद्र जड़ेजा की शानदार बल्लेबाजी की भी तारीफ की। कोहली ने जड़ेजा के आखिरी दो गेंद पर छक्का और चौका लगाने पर लिखा "क्या चैंपियन है रवींद्र जड़ेजा, अच्छा खेले चेन्नई और धोनी को खास बधाई।"
वहीं गूगल के सीईओ सुंदर पिचई ने भी चेन्नई और धोनी को जीत को सराहा। पिचई ने ट्विटर पर लिखा -"हमेशा की तरह क्या शानदार फाइनल था, चेन्नई को जीत की बहुत बहुत बधाई और अगले साल गुजरात और मजबूत वापसी करेगी "
भारत के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी चेन्नई की जीत के बाद ट्वीट कर उनको बधाईयां दी। सचिन ने लिखा "ऐसे दिलचस्प आईपीएल सीजन का इससे अच्छा मैच नहीं हो सकता था। दोनों ही टीम ने अच्छा क्रिकेट खेला लेकिन चेन्नई की बल्लेबाजी में जो गहराई है वह उनकी जीत का मुख्य कारण बना। शुरुआत से ही दोनों टीमों के असाधारण प्रदर्शन को देखते हुए विजेता का चयन करना कोई आसान काम नहीं था। यह उचित ही था कि आखिरी गेंद में मैच खत्म हुआ। बधाई हो धोनी और पूरी चेन्नई टीम को एक आईपीएल खिताब जीतने के लिए। आखिरी गेंद तक उनके सराहनीय प्रयासों के लिए गुजरात टाइटंस को भी धन्यवाद देना चाहिए। दुर्भाग्य से केवल एक विजेता हो सकता है लेकिन दोनों टीमों ने हम सबका दिल जीत लिया!"
भारतीय पहलवान साक्षी मलिक ने भी ट्विटर पर लिखा- एमएस धोनी और चेन्नई को जीत की बहुत बधाईयां। कम से कम किसी खिलाड़ी को तो वह प्यार और इज्जत मिल रही है जिसके वह हकदार हैं। हमारे लिए इंसाफ की लड़ाई अभी भी जारी है।
लखनऊ के कोच गौतम गंभीर ने भी चेन्नई की जीत पर ट्वीट किया। उन्होंने बताया की टीम के लिए एक चैंपियनशिप जीतना मुश्किल होता है और पांच बार जीतना तो अविश्वसनीय है।
जीत के बाद धोनी ने वह बताया जिसका फैन इंतजार कर रहे थे। धोनी ने होस्ट से कहा- आप मेरे संन्यास को लेकर जवाब खोज रहे हैं? परिस्थिति के मुताबिक देखें तो यह मेरे संन्यास की घोषणा करने का सबसे अच्छा समय है। लेकिन इस साल मैं जहां भी रहा हूं, मेरे लिए फैंस ने जितना प्यार और स्नेह दिखाया है उसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद कहना आसान होगा। हालांकि, मेरे लिए सबसे मुश्किल बात यह होगी कि अगले नौ महीनों तक कड़ी मेहनत करूं और फिर वापस आकर आईपीएल का कम से कम एक और सीजन खेलूं।
धोनी ने कहा- काफी कुछ शरीर पर निर्भर करता है। मेरे पास फैसला करने के लिए 6-7 महीने हैं। यह मेरी तरफ से तोहफे की तरह होगा। यह मेरे लिए आसान नहीं है, लेकिन फैंस के लिए यह तोहफा है। जिस तरह से उन्होंने अपना प्यार और स्नेह दिखाया है, मुझे लगता है कि मुझे उनके लिए कुछ करना चाहिए। आप केवल इसलिए भावुक हो जाते हैं क्योंकि यह मेरे करियर का आखिरी हिस्सा है।
इसके बाद जब चेन्नई की टीम को ट्ऱॉफी मिली तो खिलाड़ियों ने जीवा, रहाणे की बेटी आर्या और जडेजा की बेटी निध्याना को ट्रॉफी पकड़ा दी। इसके फोटोज भी सामने आए हैं। धोनी मैच के बाद काफी भावुक नजर आए। उन्हें इस तरह पहले कभी जश्न मनाते हुए नहीं देखा गया था। धोनी ने अपना आखिरी आईपीएल मैच खेलने वाले अंबाती रायुडू और जडेजा के साथ काफी देर तक हंसी मजाक किया। फिर वह बाकी खिलाड़ियों को जश्न मनाता छोड़कर अहमदाबाद के ग्राउंड स्टाफ के साथ भी तस्वीर खिंचवाई। महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी ने इसकी फोटो भी शेयर की है।