भारत के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की प्रशंसा की है। सीएसके ने क्वालिफायर-1 मुकाबले में गुजरात टाइटंस को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इसी के साथ सीएसके अपना 10वां फाइनल खेलने वाली है। गांगुली ने धोनी की कप्तानी की सराहना की।
गांगुली ने की धोनी की तारीफ
बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष ने धोनी की कप्तानी की तारीफ करते हुए बताया कि उन्होंने युवा सीएसके का नेतृत्व किया है। गांगुली ने कहा, "इस अनुभवी खिलाड़ी ने दिखाया है कि बड़े मुकाबले कैसे जीते जाते हैं।" उन्होंने कहा कि धोनी और उनकी टीम ने इस सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है। धोनी ने अपनी कप्तानी में कमाल कर दिखाया।
आईपीएल युवाओं के टैलेंट दिखाने का मंच है
सौरव गांगुली ने कहा कि आईपीएल एक ऐसा टूर्नामेंट है जहां कई युवा खिलाड़ी अपना टैलेंट दिखाते हैं। उन्होंने इस सीजन के कुछ बेहतरीन युवा खिलाड़ियों का भी नाम लिया। गांगुली ने रिंकू सिंह की तारीफ की। साथ ही उन्होंने ध्रुव जुयाल और यश्स्वी जायसवाल का भी नाम लिया।
पंजाब किंग्स की तरफ से जितेश शर्मा के प्रदर्शन की भी गांगुली ने सराहना की है। मुंबई इंडियंस की तरफ से सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा का प्रदर्शन भी शानदार रहा। गांगुली ने कहा कि आईपीएल एक बड़ा टूर्नामेंट है और इसमें खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया।
आईपीएल के बाद टेस्ट चैम्पियनशिप की होगी तैयारी
इंग्लैंड के द ओवल में इस साल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। सौरव गांगुली ने कहा कि आईपीएल के खत्म होते ही टेस्ट चैम्पियनशिप की तैयारी शुरू हो जाएगी। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान के अनुसार टेस्ट चैम्पियनशिप का विजेता कौन होने वाला है इसका अनुमान लगाना मुश्किल है, क्योंकि फाइनल मुकाबला दो सबसे मजबूत टीमों के बीच खेला जाना है। गांगुली ने कहा- "उम्मीद करता हूं कि मुकाबला अच्छा होगा। मुझे नहीं पता की विजेता कौन बनेगा, लेकिन वहां मौजूद रहूंगा। मैं चाहता हूं कि भारत जीते, लेकिन अभी यह 50-50 है।"
बता दें कि आईपीएल का फाइनल मुकाबला रविवार 28 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल में पहुंचने के लिए क्वालिफायर -2 मुकाबले में गुजरात टाइटंस को मुंबई इंडियंस से भिड़ना है।