कंधा चोटिल करने के बाद दर्द से कराहते रीस टॉपले
- फोटो : IPL/BCCI
अपने डेब्यू पर टॉपले ने दो ओवर गेंदबाजी की थी और 14 रन देकर एक विकेट लिया था। वह बैंगलोर की टीम के साथ कोलकाता गए थे, लेकिन अनफिट होने के कारण उन्हें मौका नहीं दिया गया। टॉपले की जगह डेविड विली को टीम में जगह दी गई थी। टॉपले अब वापस अपने देश इंग्लैंड लौट चुके हैं। रॉयल चैलेंजर्स के मुख्य कोच संजय बांगर ने बताया- दुर्भाग्य से रीस को घर वापस जाना पड़ा, क्योंकि वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। हमने उन्हें यहां रखने की पूरी कोशिश की, लेकिन ट्रीटमेंट और मेडिकल स्पेशलिस्ट का सुझाव है कि वह कुछ समय के लिए खेल से दूर रहें।
टॉपले, विल जैक्स और रजत पाटीदार के बाद चोट के कारण सीजन से बाहर होने वाले रॉयल चैलेंजर्स के तीसरे खिलाड़ी हैं। आरसीबी ने रीस टॉपले के रिप्लेसमेंट के तौर पर दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज वेन पार्नेल को टीम से जोड़ा है। वहीं, विशाक विजय कुमार रजत पाटीदार के रिप्लेसमेंट बने हैं। टॉपले को रॉयल चैलेंजर्स ने 1.9 करोड़ रुपये में साइन किया गया था, उनका बेस प्राइस 75 लाख रुपये था। आरसीबी को इससे पहले दो झटके और लग चुके हैं।
टॉपले का प्रोफेशनल करियर नियमित रूप से चोटों से ग्रस्त रहा है। पिछले साल वह एक वॉर्म-अप मैच से पहले बाउंड्री कुशन पर कदम रखते हुए टखना चोटिल कर बैठे थे और बाद टी20 विश्व कप खेलने से चूक गए थे। बांगर ने यह भी पुष्टि की कि वानिंदु हसरंगा 10 अप्रैल और जोश हेजलवुड 14 अप्रैल को टीम से जुड़ने की उम्मीद है। रॉयल चैलेंजर्स का अगला मैच 10 अप्रैल को घर में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ है और बांगर ने इस संभावना से इनकार नहीं किया कि हसरंगा उस गेम में शामिल हो सकते हैं। संजय बांगर के मुताबिक, हेजलवुड 17 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ वापसी कर सकते हैं।